मामला सीतापुर थाना क्षेत्र के राधापुर में व्यवसायी के यहां पहुंचे बदमाशों से जुड़ा
अंबिकापुर। सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम राधापुर बेरियरपारा में रहने वाले व्यवसायी के घर में रेकी करके लगातार दो दिन घात लगाने के मामले में शामिल हथियारबंद नकाबपोशों का सुराग फिलहाल पुलिस को नहीं मिल पाया है। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
एनएच-43 से लगे मकान में परिवार के साथ रहने वाले राजेन्द्र कुमार अग्रवाल पिता स्व. संतलाल अग्रवाल 61 वर्ष ने पुलिस को बताया है कि 16 एवं 17 मार्च की मध्य रात्रि लगभग 02 बजे उसके घर के बाहर लगे सीसीटीव्ही कैमरा में 04 अज्ञात व्यक्ति चेहरा एवं सिर पर कपड़ा बांधकर पहुंचे और घर के बाउंड्रीवॉल को पार करके अंदर प्रवेश किए थे, इनके हाथ में हथियार था। इनके द्वारा घर के अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया गया, लेकिन तत्समय घर के लोग जग रहे थे, इनकी आहट को सुनकर वे भाग गए थे। राजेन्द्र ने आगे बताया है कि 17 मार्च की शाम को वे सीतापुर आए थे, रात्रि करीब 09.30 बजे जैसे ही घर के पास पहुंचे तो पुन: चार नकाबपोश हाथ में कट्टा एवं तलवार रखे नजर आए जो उनकी गाड़ी का लाइट देखकर घर के पीछे खेत की तरफ दौड़ते भाग गए। उन्होंने बताया कि नकाबपोश उनके चौकीदार राजकुमार का मोबाइल लूटकर ले गए हैं, जिसमें सीम उनके पुत्र समीर अग्रवाल के नाम का लगा है। चौकीदार राजकुमार बताया कि नकाबपोश खुद को उग्रवादी बता रहे थे और दरवाजा को लात मारकर खोलवा रहे थे। इनके हाथ में कट्टा व तलवार था।

Categorized in: