अंबिकापुर से विक्रम सोनपाकर, उदयपुर से ओम प्रकाश, मैनपाट से संतोषी पैकरा अध्यक्ष
उपाध्यक्ष अंबिकापुर से सतीश यादव, उदयपुर से सिद्धार्थ सिंह देव, मैनपाट से अनिल सिंह बने
अंबिकापुर। त्रिस्तरीय पंचायत आम चुनाव के तहत जनपद पंचायत अंबिकापुर, उदयपुर और मैनपाट में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन हेतु शनिवार को जनपद मुख्यालय में निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न हुई, जिसमें सभी नवनिर्वाचित सदस्य शामिल हुए। अंबिकापुर व उदयपुर जनपद पंचायत के लिए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस का वहीं मैनपाट में भाजपा का कब्जा रहा।
जनपद पंचायत अंबिकापुर में पीठासीन एवं सह पीठासीन अधिकारी ने निर्वाचन में शामिल सभी जनपद सदस्यों की सहमति से चुनाव प्रक्रिया समय अनुसार प्रारंभ की। यहां से अध्यक्ष पद के लिए दो अभ्यर्थी ने नामांकन दाखिल कर दावेदारी पेश की, जिसमें राम शरण सिंह को 12 मत और विक्रम सोन पाकर 13 मत प्राप्त कर अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए। वहीं उपाध्यक्ष के लिए दो अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया, जिसमें विजय व्यापारी को 09 मत मिले, वहीं सतीश कुमार यादव 16 मत हासिल करके उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित हुए। जनपद पंचायत उदयपुर में अध्यक्ष पद के लिए दो अभ्यर्थियों ने अपनी दावेदारी पेश की, जिसमें मुन्ना सिंह को 05 मत मिले, ओम प्रकाश सिंह 08 मत प्राप्त कर अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित हुए। जनपद उपाध्यक्ष के लिए दो अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया, जिसमें श्रीमती शकुन्तला को 05 मत मिले, सिद्धार्थ कुमार सिंह देव 08 मत पाकर उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए। इसी प्रकार जनपद पंचायत मैनपाट में अध्यक्ष पद के लिए दो अभ्यर्थियों ने अपनी दावेदारी पेश की, जिसमें श्रीमती सुशिला खेस को 08 मत मिले, श्रीमती संतोषी पैकरा 09 मत पाकर अध्यक्ष पद हेतु निर्वाचित हुईं। उपाध्यक्ष पद में निर्विरोध अनिल सिंह निर्वाचित हुए।

Categorized in: