छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग द्वारा विश्व महिला दिवस पर सम्मान समारोह का आयोजन

अंबिकापुर। विश्व महिला दिवस के उपलक्ष्य में 8 मार्च को स्वच्छता तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली दीदियों का सम्मान अंबिकापुर के राजमोहिनी भवन में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के द्वारा किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाज सेविका वंदना दत्ता ने कहा कि सृष्टि के सृजन का आधार ही नारी है, समय की मांग है कि भाषण और रैलियों में ही नहीं, वास्तविकता में नारी के स्थान को शक्ति तथा संतुलन के साथ सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही समाज सेविका विरजानिया मिंज ने कहा कि सभी महिलाएं शक्ति स्वरुपा हैं तथा सभी सम्मान की अधिकारी हैं। हर दिवस महिला सम्मान का है। हर महिला को समझना होगा कि वह समाज के लिए महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। विशिष्ट अतिथि डॉ. प्रतिमा पटेल ने युवा आयोग के नवाचार की प्रशंसा की और ऐसे आयोजनों की आवश्यकता तथा सफलता पर बल दिया। विशिष्ट अतिथि ब्रह्माकुमारी पार्वती ने नारी को सृजन का आधार बताया और कहा कि नारी संयम तथा सहनशीलता की मूर्ति स्वरूप हंै, जिससे संसार में संतुलन है। विशिष्ट अतिथि प्रतिभा सरकार ने सभी को सफल आयोजन की बधाई दी और कहा कि ऐसे आयोजन से सभी का मनोबल बढ़ता है, अच्छी पहल को दुनिया सलाम करती है। कार्यक्रम का आयोजक छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि हर सफल पुरुष के पीछे या तो संघर्षशील मां का परिश्रम और बलिदान होता है या उसकी पत्नी और पुत्री का, क्योंकि स्त्री हर रूप में समाज को योगदान प्रदान करती है। चाहे वह मां हो, बहन हो, पत्नी हो, पुत्री हो या दोस्त हो। समाज की संवेदनशीलता और ममता की धुरी ही नारी नामक संज्ञा है, जिसके बिना ममतामयी समाज की कल्पना नहीं की जा सकती है। प्रस्तावना कार्यक्रम संयोजक तथा संचालन कर रही समाज सेविका शिल्पा पांडे ने रखी। शिल्पा पांडे ने कहा कि आज का कार्यक्रम छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के नवाचार के साथ प्रशंसा योग्य कदम है। महिलाएं संघर्षों से पीछे नहीं हटतीं, बस उन्हें मानसिक संबल की जरूरत होती है, यदि उन्हें सामाजिक सहारा मिल जाए तो वह नित्य नए कीर्तिमान रच सकती हैं। शासन की तरफ से खेल एवं युवक कल्याण विभाग के सहायक संचालक रामकुमार सिंह ने सफल आयोजन की सभी को बधाई दी और स्त्री शक्ति को नमन किया। ऐश्वर्या सिद्धि पांडे द्वारा मधुर स्वर में सरस्वती वंदना का पाठ किया गया। मंजू केरकेट्टा की टीम द्वारा स्वागत गीत की प्रस्तुती दी गई। एसएलआरएम की दीदियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुति दी। अंत में स्वच्छता तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली दीदियों को सम्मान स्वरूप शाल, श्रीफल दिया गया व अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। कार्यक्रम का समापन एवं आभार प्रदर्शन विकास शुक्ला चंदन ने किया। उक्त कार्यक्रम में शशि सिन्हा, रामेश्वरी तिर्की, ललिता तिर्की, बसंती, सरोज, प्रतिभा, सुल्ताना, सोनामनी, नीलम, जयशिला, रेशमा सोनी, मंजू, सरिता गुप्ता, अनिमा रजक, रूबी सोनी सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाएं उपस्थित थी।

Categorized in: