झींगा मछली खाने के बाद बीमार पड़ने की चर्चा को स्वजन ने नकारा
अंबिकापुर। शहर के महामाया रोड में समलाया मंदिर के पास रहने वाले एक ही परिवार के तीन सदस्य कथित रूप से झींगा मछली खाने के बाद बीमार पड़ गए। इन्हें निजी अस्पताल में स्वजन भर्ती कराया गया, यहां इलाज के दौरान एक अधेड़ उम्र की महिला दम तोड़ दी। वहीं मृतिका के पुत्र द्वारा अंडा और चावल खाने की जानकारी देते हुए मछली खाने से इन्कार किया जा रहा है। मामला फुड प्वाइजनिंग से जुड़ा है या कुछ और यह अस्पष्ट है।
जानकारी के मुताबिक कोतवाली थाना क्षेत्र समलाया मंदिर परिसर में मंदिर के बैगा विजय कुमार अपने परिवार के साथ निवास करते हैं। बताया जा रहा है कि 2-3 मार्च को परिवार के सदस्य खाना खाए, इसके बाद विजय की पत्नी सीमा देवी 51 वर्ष, पुत्र जय 22 वर्ष व पोती दीक्षा 12 वर्ष की तबियत बिगड़ गई। इन्हें उल्टी-दस्त होने लगा। तीनों को होलीक्रॉस अस्पताल लेकर स्वजन पहुंचे, यहां से चिकित्सा के बाद रेफर करने पर जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, यहां इलाज के दौरान 7 मार्च की रात को सीमा देवी की मौत हो गई। मामले में मछली खाने के बाद तबियत बिगड़ने की बात मोहल्ले के लोग कर रहे हैं, लेकिन मृतक के स्वजन घटना तिथि को अंडा और चावल खाना बता रहे हैं। इनका कहना है कि बीमार लोगों ने ही नहीं बल्कि परिवार के अन्य सदस्यों ने भी इसी भोजन को ग्रहण किया था, लेकिन अन्य लोगों की तबियत नहीं बिगड़ी। तबियत खराब होने का कारण प्रथम दृष्टि में फुड प्वाइजनिंग की संभावना है। मृतिका के पुत्र और पोती को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज करने की जानकारी स्वजन दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि मृत महिला समलाया मंदिर के पास स्थित प्राथमिक शाला स्कूल में रसोइया का काम करती थी।

Categorized in: