नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष 10 मार्च को पदभार ग्रहण करेंगे
अंबिकापुर। सरगुजा जिले में जिला पंचायत भी अब भाजपा के कब्जे में आ गया है। जिला पंचायत सभाकक्ष में शुक्रवार को हुए जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के चुनाव में भाजपा की श्रीमती निरूपा सिंह अध्यक्ष तथा देवनारायण यादव उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए हैं। भाजपा अध्यक्ष पद प्रत्याशी श्रीमती निरुपा सिंह 9-5 से तथा उपाध्यक्ष पद प्रत्याशी देवनारायण यादव 11-3 से विजयी हुए। आगामी 10 मार्च को नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद भार ग्रहण करेंगे। चुनाव में जिले के 14 नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों ने भाग लिया। चुनाव प्रक्रिया पीठासीन अधिकारी सुनील नायक एवं उप पीठासीन अधिकारी स्वेच्छा सिंह ने संपन्न की। इनके द्वारा विजयी निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
जिला पंचायत सरगुजा के अध्यक्ष पद के लिए श्रीमती निरूपा सिंह और शिव भरोस बेक ने नामांकन दाखिल किया। दोनों उम्मीदवारों के नामांकन विधिमान्य पाए जाने के बाद मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। मतगणना में शिव भरोस बेक को 05 मत एवं श्रीमती निरूपा सिंह 09 मत मिला और वे अध्यक्ष पद के लिए विजयी घोषित हुई। उपाध्यक्ष पद के लिए श्रीमती अनिमा केरकेट्टा और देवनारायण यादव ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन विधिमान्य पाए जाने के बाद मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। मतगणना में श्रीमती अनिमा केरकेट्टा को 03 मत एवं देवनारायण यादव को 11 मत मिले और वे उपाध्यक्ष पद के लिए विजयी घोषित किए गए। इस अवसर पर अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने सरगुजा की जनता का आभार व्यक्त करते हुए इसे विष्णु देव सरकार के एक वर्ष के जनकल्याणकारी कामों पर जनता की मुहर बताया है। भाजपा चुनाव पर्यवेक्षक कृष्णा राय ने सभी को बधाई देते हुए कहा सरगुजा संभाग मुख्यालय में महापौर सहित जिला पंचायत जीतकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का हाथ मजबूत किया है। भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने शानदार जीत पर कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी और कहा कि जनता का भरपूर प्यार और आशीर्वाद हमें मिला है। जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की जवाबदारी अब हम पर है। इस अवसर पर महापौर मंजूषा भगत, प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव, पूर्व ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी, युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय तोमर, वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर, पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, नगर निगम के सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, देवनाथ पैकरा, अंबिकेश केशरी, राजकुमार बंसल, विजय अग्रवाल, मधुसूदन शुक्ला सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Categorized in: