आरोपी के विरूद्ध दो मामला दर्ज, मतदान कर्मियों से गालीगलौज और मतदान सामग्री ले जाने के प्रयास का भी आरोप
अंबिकापुर। बलरामपुर जिला के रामचन्द्रपुर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान मतदान केन्द्र का ताला तोड़कर पीठासीन अधिकारी सहित अन्य के साथ गाली-गलौज और मतदान के समय एवं मतगणना के बाद की गई हुज्जतबाजी व बलपूर्वक मतदान सामग्री ले जाने का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने निर्वाचित जनपद सदस्य मोहम्मद बक्स के विरूद्ध केस दर्ज किया है। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा भी कृषि मंत्री रामविचार नेताम के विरूद्ध की गई खुली सभा में अमर्यादित टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए आरोपी के विरूद्ध अपराध दर्ज करने की मांग की थी, जिस पर पुलिस ने पृथक से अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी निर्वाचित जनपद सदस्य को गिरफ्तार कर पदयात्रा करते न्यायालय में पेश करके वैधानिक कार्रवाई की है।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिला के ग्राम प्रेमनगर निवासी खिलेश्वर राम ने पुलिस को बताया है कि वे शासकीय हाईस्कूल हर्री तहसील कुसमी में व्यख्याता के पद पर पदस्थ हैं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के दौरान मतदान केन्द्र क्रमांक 115 आंगनबाड़ी भवन (ब) रामचन्द्रपुर में उन्हें पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया था, उनके साथ सहयोगी मतदान कर्मियों में संतोष कुमार तिग्गा शिक्षक माध्यमिक शाला लरिमा, विरेन्द्र कुमार सहायक शिक्षक प्राथमिक शाला हेठुआपारा, राजकुमारी सिंह सहायक शिक्षक जलकेश्वर पारा रामानुजगंज व अनिता आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को नियुक्त किया गया था। 23 फरवरी को मतदान संपन्न होने पर 3 बजे के बाद वे अभिकर्ताओं के उपस्थिति में मतपेटी को सील बंद करके मतदान केन्द्र में भोजन कर रहे थे, उसी समय मोहमद बक्स अपने 100-150 साथियों के साथ मतदान कक्ष का ताला तोड़कर जबरदसती अंदर घुस गया और गाली देते हुए मतदान सामग्री को छीनने का प्रयास करने लगा। इसकी सूचना मिलने पर थाना रामचन्द्रपुर की पुलिस एवं जोनल अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने दखल दिया। पुलिस ने मोहमद बक्स एवं उनके साथियों के द्वारा मतदान कार्य में बाधा उत्पन कर मतगणना को प्रभावित करने का प्रयास करने के मामले में पीठासीन अधिकारी की रिपोर्ट पर बीएनएस की धारा 132, 174, 191(2), 296, 331(3) का मामला दर्ज कर लिया है।
भाजपा महामंत्री की शिकायत पर एक और मामला दर्ज
बलरामपुर जिला के वार्ड नंबर-12 रामानुजगंज निवासी भाजपा के जिला महामंत्री अश्विनी गुप्ता ने इसके पहले रामचंद्रपुर थाना में लिखित शिकायत पत्र के माध्यम से अवगत कराया था कि 28 फरवरी को जनपद सदस्य मोहम्मद बक्स के द्वारा विजय जुलूस के दौरान बस स्टैंड रामचंद्रपुर में आम सभा करके छत्तीसगढ़ शासन के केबिनेट मंत्री रामबिचार नेताम के विरूद्ध अर्नगल व अपमान जनक टिप्पणी की गई, जिससे आम जनता व्यथित एवं क्षुब्ध है। इसमें उल्लेख किया गया था कि इनके द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी से क्षेत्र में भाईचारा का माहौल बिगड़ रहा है, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग हो सकती है और कोई भी अप्रिय घटना घट सकती है। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 296 का मामला कायम किया था।

Categorized in: