अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र में प्रधान आरक्षक के घर में धावा बोलकर चोरों ने जेवरात सहित अन्य सामान पार कर दिया। चोरी गए सामानों की कीमल लगभग 40 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी गांधीनगर थाना में दी गई है, जिस पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक शहर के वार्ड क्रमांक 48 बिशुनपुर निवासी जय प्रकाश कुजूर पिता बोनीफास कुजूर सूरजपुर जिला अंतर्गत पुलिस चौकी करंजी में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ है। बीते 18 मई की रात 02.15 बजे वे घर के सभी सदस्यों के साथ रांची, झारखण्ड में बच्चे का एडमिशन कराने गए थे। एडमिशन कराने के बाद परिवार व बच्चों को रांची, झारखण्ड में अपने रिश्तेदार के यहां छोड़कर प्रधान आरक्षक ड्यूटी के लिए वापस सूरजपुर आ गया। 27 मई को सुबह करीब 10.30 बजे जब उनके परिवार के सदस्य बिशुनपुर स्थित घर पहुंचे तो घर के पीछे का दरवाजा व दरवाजे में लगा ताला टूटा था। घर के अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। इसकी सूचना परिवार के सदस्यों से मिलने पर घर पहुंचे प्रधान आरक्षक ने देखा कि चोरों ने पूरा सामान बिखेर दिया है। सामानों का मिलान करने पर घर में रखा 22 इंच का टीवी, आलमारी के अंदर लाकर में रखा सोने का एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने का कान का बाली, दो जोड़ी चांदी का पायल, विवो कंपनी का खराब मोबाइल फोन नहीं था। चोरी गए सामानों की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई जा रही है। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 457, 380 का केस दर्ज कर लिया है।

बच्चों के साथ सो रही थी महिला, पूरा घर खंगाल कर निकल लिए चोर
गांधीनगर थाना अंतर्गत ठाकुरपुर में हुई चोरी की एक अन्य घटना में किराना दुकान संचालिका के घर में घुसे चोरों ने 10 हजार रुपये नगद के अलावा लगभग 20 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। दुकान संचालिका ममता शाक्या ने पुलिस को बताया है कि 26 मई को रात 11.30 बजे प्रतिदिन की भांति खाना खाकर वह बच्चों के साथ सो रही थी। 27 मई को अलसुबह पांच बजे सोकर उठी तो घर का दरवाजा खुला था और पूरा सामान बिखरा पड़ा था। सामान का मिलान करने पर पर्स में रखा नगदी 10 हजार रुपये, दो मोबाइल, 02 मोबाइल चार्जर, 01 पावर बैक, 01 हेड फोन व घरेलू कपड़ा गायब था, जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये है। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 380, 457 का मामला दर्ज किया है।

Categorized in: