अंबिकापुर। नौकरी लगाने के नाम पर झांसा देकर ठगी करने के मामले में बतौली थाना पुलिस ने आरोपी को पलामू झारखण्ड से गिरफ्तार किया है। आरोपी के द्वारा युवती को निजी चिकित्सालय में नौकरी लगवाने का झांसा देकर लगभग 04 लाख रुपये की ठगी की गई थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जप्त कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम सिलमा की अनिमा सिंह रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका जान-पहचान पूर्व में पलामु झारखण्ड निवासी मंटू कुमार रवि से हुआ था। मंटू ने अंबिकापुर के एक निजी चिकित्सालय में नर्स का पद रिक्त होने की बात कहते हुए सुरक्षा धन के नाम पर 04 लाख रुपये लगने की बात कहा था। युवती उसके झांसे में आकर अलग-अलग किस्तों में 04 लाख रुपये आरोपी को नगद एवं खातों में दे दी। पैसे मिलने के बाद मंटू नौकरी लगवाने की बात बोलने पर लगातार टालमटोल कर रहा था और न ही रुपये वापस कर रहा था। रिपोर्ट पर पुलिस ने थाना बतौली में धारा 420 भादवि का अपराध कायम कर विवेचना में लिया था। दौरान विवेचना ने साइबर सेल से आरोपी के संबंध में तकनीकि जानकारी प्राप्त कर पुलिस टीम को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पलामू झारखण्ड रवाना किया था। पुलिस टीम ने आरोपी मंटू कुमार रवि 24 वर्ष निवासी बासबार, थाना नावा जयपुर, जिला पलामू झारखण्ड को घेराबंदी करके पकड़ा और पूछताछ की तो उसने 04 लाख रुपये ठगी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी बतौली उप निरीक्षक सीपी तिवारी, आरक्षक अशोक यादव, अहसान फिरदौसी, राजेश खलखो, अशोक भगत, भगलू राम शामिल रहे।

Categorized in: