सड़कों के गुणवत्तापूर्ण निर्माण, संधारण व मरम्मत कार्यों को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

अंबिकापुर। सरगुजा जिले में सड़कों के निर्माण कार्यों, संधारण तथा मरम्मत कार्यों के निरीक्षण हेतु मंगलवार को छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी भीम सिंह अंबिकापुर पहुंचे। इस दौरान प्रमुख अभियंता केके कटारे भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़कों पर पैदल भ्रमण कर गुणवत्ता का अवलोकन किया तथा सड़क निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री का स्थल पर ही परीक्षण करवाया। उन्होंने कहा कि सड़कों का निर्माण निर्धारित मापदण्ड एवं गुणवत्ता के अनुसार हो, साथ ही इन सड़कों का संधारण भी नियमित रूप से किया जाए। निरीक्षण के दौरान कई कमियां सामने आने पर उन्होंने कार्यपालन अभियंता को नोटिस जारी करने कहा।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अंबिकापुर विकासखंड के 2.60  किलोमीटर लंबाई की सड़क बिलासपुर-धनवार रोड से खलीबा खास का अवलोकन किया तथा शोल्डर कार्य का संधारण निर्धारित चौड़ाई में करने एवं नजदीक के पेड़ों में रिफ्लेक्टिव स्ट्रिप लगाने के निर्देश दिए। 5.80 किलोमीटर लंबाई की खलीबा से बलसेड़ी नवीनीकरण सड़क में 0.20 किलोमीटर के स्टोन में रंग-रोगन एवं साइज, निर्धारित मापदंड में किए जाने, टर्निंग बोर्ड, एज, शोल्डर आदि व्यवस्थित करने कहा। इसी तरह निरीक्षण के दौरान 12.50 किलोमीटर लंबाई की सड़क टी-02 हंसडांड-लटोरी से दर्रीपारा में कुछ स्थानों पर पेच कार्य को तत्काल ठीक कराने ठेकेदार को निर्देशित किया। टी-01 एनएच-111 डांडगांव-हर्रापारा से सलका-प्रेमनगर सीमा लंबाई 9.64 किलोमीटर सड़क में स्टोन में पेंटिंग कार्य कराने तथा मेण्ड्रा खुर्द-माझापारा में 3.10 किलोमीटर लंबाई की नवीनीकरण सड़क में 100 मीटर में पाट होल्स पाए जाने के कारण ठेकेदार से तत्काल रिपेयर कराने हेतु अनुबंध अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य प्रारंभ के पूर्व सभी सामग्रियों की जांच निर्धारित मापदंड के अनुरूप पाए जाने पर ही कार्य प्रारंभ करें। उन्होंने गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने उपस्थित अभियंताओं को निर्देशित किया।

कार्यपालन अभियंता को करें नोटिस जारी
निरीक्षण के दौरान छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के सीईओ भीम सिंह ने सड़कों के कुछ स्थानों में एज उखड़ने, शोल्डर निर्धारित चौड़ाई में नहीं होने, हंसडांड सड़क में पेच निर्मित होने के कारण संबंधित उप अभियंता, सहायक अभियंता एवं कार्यपालन अभियंता को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सड़कों के निर्माण बोर्ड में कार्यपालन अभियंता अथवा कार्यालय का मोबाइल नंबर अंकित करने कहा, जिससे आम जनता सड़क निर्माण कार्य में किसी प्रकार के सुधार हेतु तत्काल संपर्क कर सके।

Categorized in: