एक बाइक में तीन किशोर सहित चार थे सवार, अज्ञात वाहन की टक्कर से दो की मौत, दो का चल रहा उपचार

गिरजा ठाकुर

अंबिकापुर। शुक्रवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक में सवार तीन किशोर व एक युवक सड़क पर गिर गए। दुर्घटना कारित वाहन ने दो किशोरों के शरीर को बुरी तरह से कुचल दिया, जिससे एक की मौके पर और एक की अस्पताल में मौत हो गई। एक किशोर व युवक का इलाज चल रहा है। घटना के बाद दुर्घटना कारित वाहन के चालक को गिरफ्तार करने व मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर शव रखकर लोगों ने प्रदर्शन किया। बाइक सवार अपने ही गांव से गुजरी सड़क से जा रहे थे, इसी बीच उक्त दुर्घटना हुई।

जानकारी के मुताबिक सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मंहगई दमउकुंड निवासी अजय पावले पिता बुधराम पावले 17 वर्ष, विजय सिंह पावले पिता देवनारायण 17 वर्ष, विरेंद्र पावले पिता सांझूराम 18 वर्ष तथा शोभनाथ मरावी पिता लल्लू राम 16 वर्ष एक ही बाइक में सवार होकर गांव की मुख्य सड़क पर जा रहे थे। रात करीब आठ बजे उदयपुर-सूरजपुर मार्ग में दमउकुंड से आगे अज्ञात वाहन ने इन्हें टक्कर मार दी। टक्कर में चारों सड़क पर गिर गए। इस दौरान दुर्घटना कारित वाहन का पहिया अजय पावले व विजय पावले को कुचलते हुए निकल गया। पहिए से बुरी तरह से कुचल जाने से अजय पावले की मौके पर मौत हो गई, विजय सिंह पावले ने उदयपुर अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल वीरेंद्र पावले व शोभनाथ मरावी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर मौके पर उदयपुर पुलिस पहुंची। दुर्घटना रामानुजनगर थाना क्षेत्र में होने के कारण मर्ग डायरी अग्रिम कार्रवाई के लिए वहां भेज दिया गया है। रामानुजनगर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी खोजबीन शुरु कर दी है।

शव सड़क पर रखकर किया प्रदर्शन

सडक़हादसे में दो किशोरों की मौत के बाद शोक का माहौल बन गया। मृतकों के स्वजन व गांव के लोग उग्र होकर सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरु कर दिए। इनके द्वारा दुर्घटना कारित वाहन के चालक को गिरफ्तार करने तथा मुआवजे की मांग की जा रही थी। सूचना पर उदयपुर थाने के प्रभारी धीरेंद्रनाथ दुबे अपने सहयोगियों के साथ घटनास्थल पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश दी। करीब आधे घंटे बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

Categorized in: