मामा के घर आई किशोरी के गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराए थे स्वजन  

आरोपित शादी का झांसा देकर भगा ले गया था किशोरी को  

गिरजा ठाकुर

अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने नाबालिग बालिकाओं संबंधी अपराधों के विरुद्ध गुंज अभियान चलाया है। अभियान के तहत उदयपुर थाने की पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है।

जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिले के ग्राम बेलटिकरी से एक ग्रामीण की नाबालिग लड़की करीब दो माह पूर्व अपने मामा के घर उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खरसुरा आई थी और घर से बिना बताए कहीं चली गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध कायम कर विवेचना में लिया। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय यादव व पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला व नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में थाना प्रभारी उदयपुर धीरेन्द्र नाथ दुबे एवं पुलिस टीम को आरोपित की तलाश एवं गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस टीम जांच में जुटी तो सामने आया कि पखना पारा का विजय कुमार नाबालिग लड़की को भगा कर अपने घर में रखा है। पुलिस टीम ने आरोपित के घर की घेराबंदी कर बालिका को बरामद किया। महिला अधिकारी के द्वारा पूछताछ करने पर बालिका ने बताया कि आरोपित उसे शादी का झांसा देकर भगा लाया था और कई बार शारीरिक संबंध बनाया। आरोपित के द्वारा घटना कारित करना स्वीकार किया गया। पुलिस ने आरोपित को  गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उदयपुर धीरेंद्र नाथ दुबे, उप निरीक्षक समरेन्द्र सिंह, आरक्षक देवनारायण सिंह, महिला आरक्षक सावित्री धुर्वे एवं नगर सैनिक अपीकेश्वर दास शामिल रहे।

Categorized in: