मुख्यमंत्री के सामने स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने साझा किए अनुभव
महिलाओं ने कहा-जरूरतों के लिए अब किसी पर आश्रित नहीं
गोधन न्याय योजना की अनोखी पहल के लिए मुख्यमंत् का जताया आभार
अंबिकापुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भेंट-मुलाकात अभियान की कड़ी में आज प्रेमनगर विधानसभा के अंतर्गत रामनगर में पहुंचे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री खरसुरा गौठान का जायजा लेने पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री ने गौठान से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाओं से मुलाकात की और गौठान संचालन समेत गौठान से हो रहे फायदों पर महिलाओं से जानकारी ली। मुख्यमंत्री से बातचीत में महिलाओं ने बताया कि अब उनके पास भी काम है। गौठान उनके लिए आय का जरिया बन चुका है, महिलाएं अब अपनी छोटी-मोटी जरूरत स्वयं पूरा कर रही हैं। आय बढ़ने के साथ उनमें आत्मविश्वास भी बढ़ा है। गोधन न्याय योजना के जरिए आवारा मवेशियों के लिए ठिकाना तय करने के साथ ही गौठानों को रोजगार सृजन के केन्द्र के रूप में विकसित करने जैसी अनोखी पहल के लिए समूह की महिलाओं ने मुख्यमंत्री का अभिवादन किया और आभार जताया।
स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि, गौठान अब महिलाओं के लिए रोजगार के केन्द्र के रूप में विकसित हो चुका है। खरसुरा गौठान से जुड़कर 40 महिलाएं काम कर रही हैं। यहां गौठान में गोबर से वर्मी कम्पोस्ट से लेकर महिलाएं अनेक तरह के उत्पाद का निर्माण कर रही हैं। इन महिलाओं ने मुख्यमंत्री से कहा कि राज्य सरकार की पहल पर उन्हें काम मिला, पहचान मिली और वे आर्थिक तौर पर आत्मनिर्भर हो सकी हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह सब आपकी मेहनत का परिणाम है कि आप अपने परिवार की आर्थिक सहायता कर पा रही हैं। स्वयं को आर्थिक संबल बनाने के साथ ही परिवार की संबलता में योगदान दे पा रही हैं।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार ने गोधन न्याय योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत की राज्यभर में आदर्श गौठान निर्मित किए जा रहे हैं। इन गौठानों को रुरल इंडस्ट्रियल पार्क की तरह भी विकसित किया जा रहा है। जहां न सिर्फ मवेशियों को ठिकाना मिला है, बल्कि लोगों के लिए रोजगार भी सृजित हो रहे हैं।
संचालित हो रही अनेक गतिविधियां :
मुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि गौठान में गोबर से वर्मी कम्पोस्ट, सुपर कस्पोस्ट, सुपर प्लस कम्पोस्ट, दीये, गमला, गो-काष्ठ जैसे उत्पाद तो बनाए ही जा रहे हैं साथ ही मछलीपालन, मुर्गी पालन, बकरी पालन, मशरूम उत्पादन, सब्जी उत्पादन जैसी गतिविधियों का संचालन कर आय के कई स्त्रोत भी विकसित कर लिए गए हैं। इसके अलावा दाल पिसाई मिल भी स्थापित कर लिया गया है। अब ग्रामीणों को दाल पिसाई के लिए दूसरे शहर तक नहीं जाना पड़ता।
गौठान परिसर में ही बनाया मछलीपालन के लिए तालाब :
खरसुरा गौठान से जुड़ी महिलाओं ने बताया कि शुरुआती दिनों में वे सिर्फ गोबर से वर्मी कम्पोस्ट समेत गोबर के ही विभिन्न तरह उत्पाद बना रही थीं, लेकिन आय के अतिरिक्त स्त्रोत के लिए अन्य अवसर भी तलाशे गए। इस दौरान शासकीय स्तर पर भी मार्गदर्शन व आर्थिक सहयोग मिला। इसके बाद गौठान परिसर में ही मछली पालन के लिए तालाब का निर्माण किया गया। वहीं सब्जी उत्पादन के लिए बाड़ी बनाई गई। जहां अब लौकी, भिंडी, प्याज, खीरा, तरबूज से लेकर अनेक तरह की सब्जियों का उत्पादन किया जा रहा है और बाजार में विक्रय किया जा रहा है। खरसुरा गौठान की महिलाओं ने सब्जियों से भरी टोकरी भी मुख्यमंत्री बघेल को भेंट की। मुख्यमंत्री ने यहां गौठान में उत्पादित हो रही सब्जियों की सप्लाई आश्रम और छात्रावासों में करने के लिए कहा।

अब गोबर से बनेगी बिजली, बढ़ेगी आय :
गौठान की महिलाओं से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री श्री बघेल ने बताया कि अब तक राज्य में गौठानों में अब तक गोबर से वर्मी कम्पोस्ट सहित अन्य उत्पाद बनाकर महिलाएं आय प्राप्त कर रही हैं। अब गोबर से बिजली भी बनाई जाएगी और इससे भी महिलाओं को एक बड़ी आय होगी।
मुख्यमंत्री ने शिक्षकों के स्कूल नहीं आने और शौचालय निर्माण का पैसा नहीं मिलने की शिकायतों पर जांच के निर्देश दिए
भेंट-मुलाकात में राजीव गांधी किसान न्याय योजना, भूमिहीन श्रमिक न्याय योजना, गोधन न्याय योजना के बारे में लिया फीडबैक
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज सुमेरपुर में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में ग्रामीणों से रुबरु हुए। उन्होंने राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं के मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन के बारे में लोगों से फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री को ग्रामीणों ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना और नरवा गरवा घुरवा बारी कार्यक्रम से हो रहे लाभों के बारे में बताया और इन योजनाओं के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में बताया की गोबर से अब पेंट भी बनाया जाएगा। इससे बिजली उत्पादन भी किया जाएगा। स्वसहायता समूहों की महिलाएं बिजली बनाएंगे और इसे बेचकर पैसा भी कमाएंगी। उन्होंने बताया कि सरकार अब गोबर के साथ गोमूत्र भी खरीदेगी। भेंट-मुलाकात के दौरान स्कूल में शिक्षक नहीं आने की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को इसकी जांच के निर्देश दिए। उन्होंने वर्ष 2016-17 में ग्राम पंचायत को शौचालय निर्माण की राशि का अब तक का भुगतान नहीं होने के संबंध में शिकायत की जांच के लिए जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वालों पर जरूर कार्रवाई की जाएगी।

Categorized in: