गिरजा ठाकुर
अंबिकापुर। नगर के गुरुनानक चौक में काम की तलाश में आई एक युवती को बांसबाड़ी ले जाकर दो युवकों ने जमकर शराब पिलाई, फिर उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। जब युवती ने घटना के बारे में आरोपितों के दोस्त व अपने परिचित को बताया तो उसने भी शादी का झांसा देकर उससे दुष्कर्म किया।
जानकारी के अनुसार बौरीपारा में अपने रिश्तेदारों के साथ रहकर शहर में ही रेजा का काम करने वाली युवती का परिचय काम के दौरान बलरामपुर जिले के करौंधा थाना अंतर्गत ग्राम भगवानपुर के प्रदीप नामक युवक से हुआ था। प्रदीप के कारण ही उसके दो अन्य साथी संतोष व नरेश से भी युवती की पहचान हो गई थी। ये तीनों भी राजमिस्त्री व कुली का काम करते थे व अंबिकापुर में ही किराए के मकान में रहते थे। बीते 24 फरवरी को युवती काम के तलाश में गुरुनानक चौक के पास खड़ी थी, लेकिन उसे काम नहीं मिला। युवती घर जाने के बारे के लिए सोच रही थी तभी संतोष व नरेश वहां बाइक से पहुंचे और उसे घुमाने के लिए अपने साथ पहले तकिया की ओर फिर बांसबाड़ी के रास्ते में ले गए। यहां पर युवकों ने शराब का सेवन किया और युवती को भी शराब पिला उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसे बौरीपारा में स्थित घर में छोड़कर भाग गए। शाम को जब प्रदीप उससे मिलने आया तो युवती ने उसे घटना के बारे में बताते हुए मामले की शिकायत थाने मे करने की बात कही। इस पर प्रदीप उसे समझाइश देकर कल आने की बात कहकर चला गया। दूसरे दिन प्रदीप फिर से उसके पास आया और उससे विवाह करने तथा साथ रखने का झांसा देकर उसके घर पर ही दुष्कर्म किया। युवती ने प्रदीप से विवाह करने के लिए कहा तो वह टालमटोल करने लगा। इसके बाद युवती ने मामले की शिकायत थाने में की जिस पर पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

Categorized in: