गिरजा ठाकुर
अंबिकापुर। मंगलवार की सुबह शहर के ब्रह्म रोड पंचशील गली में देवान तालाब के पास स्थित टायर व मोबिल दुकान के गोदाम में भीषण आग लगने से एक करोड़ से अधिक का सामान जलकर खाक हो गया। पास ही स्थित मंदिर के पुजारी ने पूजा करने के लिए जाते समय टायर, मोबिल के गोदाम से धुआं निकलते देखा था और इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। दुकान संचालक दुकान के ऊपर स्थित घर में थे, जो गोदाम में लगी भीषण आग से बेखबर थे। घटना की सूचना मिलने पर दमकल के साथ अग्निशमन विभाग के कर्मचारी पहुंचे। तीन घण्टे से अधिक मशक्कत के बाद आग बुझाने में इन्हें सफलता मिली। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है।


जानकारी के अनुसार मूलतः मनेन्द्रगढ़ निवासी गुरप्रीत सिंह भाटिया मोबिल व टायर के संभागीय विक्रेता है। इनका ब्रम्हरोड के पंचशील गली में अधिवक्ता संजय कुमार सिन्हा के मकान में खालसा ट्रेडिंग कंपनी नामक दुकान है। दुकान के पीछे ही टायर व मोबिल का गोदाम स्थित है जिसमें दो पहिया, चार पहिया वाहन के टायर और मोबिल काफी मात्रा में रखा हुआ है। मंगलवार की सुबह आठ बजे के करीब गोदाम के खिड़की से मंदिर के पुजारी ने धुंआ उठते देखा और इसकी सूचना फायर ब्रिगेड व दुकान संचालक को दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने काफी मशक्कत किया। घटना में एक करोड़ से अधिक के नुकसान का अनुमान है।

Categorized in: