अंबिकापुर। शुक्रवार को दोपहर बाद शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। तेज आंधी के साथ हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन तेज हवा के कारण कई मकानों का टीन का शेड उड़ गया, वहीं सड़कों के किनारे पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित हुआ। 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने के कारण शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पेड़ गिरने, घरों के शेड उखड़ने जैसी घटना सामने आई है। शहर के बनारस मार्ग में स्थित डाइट कॉलेज के पास पेड़ दो स्कूटी पर गिर गया, जिससे स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई।

बता दें कि, पिछले 3-4 दिनों से दोपहर के बाद मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। शुक्रवार की शाम को अचानक आसमान में बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। इसके बाद हल्की बारिश शुरू हो गई। आंधी इतनी तेज थी कि, कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ जगह पेड़ गिरने की भी सूचना है, किसी प्रकार के जनहानि की खबर नहीं है। मौसम बदलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली। मौसम वैज्ञानिक एएम भट्ट के अनुसार मन्नार की खाड़ी और उससे लगे श्रीलंकाई क्षेत्र के ऊपर 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर चक्रवाती वायु परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से आगामी 11 मई के आसपास दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में निम्न वायुदाब क्षेत्र बनने की संभावना है। उन्होंने बताया कि, पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव हो रहा है। आने वाले कुछ दिनों तक अंबिकापुर सहित सरगुजा संभाग में आंधी और बारिश की स्थिति बनी रह सकती है।

तापमान में गिरावट से राहत

पिछले दिनों सरगुजा संभाग में भीषण गर्मी पड़ रही थी। अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री के बीच था। लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव देखा जा राहा है। बादलों की सक्रियता और बारिश होने से मौसम कूल हो गया है। अधिकतम तापमान गिरकर 34 से 35 व न्यूनतम 20.9 डिग्री पहुंच गया है।

Categorized in: