पुलिस ने गड्ढा खोदकर किया बरामद, डीएनए टेस्ट कराने की तैयारी

अंबिकापुर। जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोरी-बिलमा के जंगल में प्रेमी युगल का शव जंगल के नाले में दफन मिला है। दोनों छह सालों से लापता थे। कपड़ों से परिजनों ने दोनों की शिनाख्त कर ली है। पुलिस ने फारेंसिक टीम की मौजूदगी में दोनों का कंकाल बरामद किया है।

जानकारी के मुताबिक, जोरी और बिलमा की सीमा पर बहने वाले जंगली नाले में ग्रामीणों ने मिट्टी में दबा नर कंकाल देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी थी। शनिवार को पुलिस ने फारेंसिक टीम की उपस्थिति में ग्रामीणों की मदद से कंकाल को खोदकर बाहर निकालवाया। दोनों के कंकाल अलग-अलग टुकड़ों में बरामद हुए। मृतकों के कपड़ों से इनकी शिनाख्त विनोद कोरवा (19 वर्ष) पिता राव कोरवा एवं 17 वर्ष किशोरी के रूप में की गई है। युवक के हाफ पैंट व किशोरी के कपड़ों से उनकी पहचान की गई। परिजनों ने बताया कि विनोद कोरवा और किशोरी का लंबे समय से प्रेम संबंध था। अलग-अलग जाति का होने के कारण परिजन उनके संबंध के खिलाफ थे। परिवार व समाज के डर से दोनों छिपकर जंगल में मिलते थे। दोनों वर्ष 2020 की गर्मी में लापता हो गए थे। दोनों की तलाश के बाद भी इनका पता नहीं चल पाया। विनोद कोरवा के गुमशुदगी की रिपोर्ट उसके 2023 में धौरपुर थाने में दर्ज कराई थी।

पुलिस ने आशंका जताई है कि दोनों के शवों को गड्ढा खोदकर गाड़ दिया गया था। ग्रामीण नाले में खेती करते हैं, यदि शवों को गाड़ा नहीं गया होता तो वे ग्रामीणों की नजर में आ जाते या सड़ते शवों की गंध मिल जाती। नाले के आसपास जंगली सूअर का शिकार करने के लिए ग्रामीण तरंगित तार भी फैलाते हैं। तारों की चपेट में आने से भी दोनों के मौत की संभावना बनी है। घटना के बाद बचने के लिए शवों को दफन करने की आशंका भी जताई जा रही है।

बयान

कंकालों की शिनाख्त के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। जांच के बाद पता चलेगा कि, इनकी हत्या हुई है या किस कारण से दोनों की मौत हुई है।

आरसी चंद्रा, थाना प्रभारी धौरपुर

Categorized in: