जशपुर में निर्माणाधीन मकान में घुसकर पलटी बस, भाटापारा में ट्रक ने बस को मारी टक्कर  

जशपुर/बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में 6 मार्च, शुक्रवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई। जशपुर जिला के दुलदुला के गोड़अम्बा में हुई बस दुर्घटना में 20 से अधिक यात्री घायल हो गए, जबकि इस दुखद हादसे में 5 यात्रियों की मृत्यु हो गई, इसमें एक बच्चा भी शामिल है।। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन तत्काल सक्रिय हुआ और राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीमों ने घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी व होली क्रॉस अस्पताल कुनकुरी में भर्ती कराया है। गंभीर रूप से घायल 9 मरीजों को बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं बलौदाबाजार जिले के भाटापारा सिमगा में एक ट्रक ने रफ्तार में यात्री बस को टक्कर मार दिया। घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है। हादसे में 5 यात्रियों की जान चली गई, 29 यात्री घायल हुए हैं। घटना के बाद घायलों को रायपुर के मेकाहारा अस्पताल लाया गया। हादसे पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
जानकारी के मुताबिक जशपुर जिला के तपकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोडाअंबा गांव के पास तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे निर्माणाधीन मकान में घुसकर पलट गई। बस झारखंड के कुरडेग से कुनकुरी की ओर जा रही थी और इसमें करीब 30 यात्री सवार थे। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, इनमें मकरीबंधा तपकरा निवासी महेश राम (45), बिमला (42), कुरडेग निवासी दिगेश्वर (40), घनश्याम (5 माह) निवासी कुरडेग शामिल हैं, लगभग 25 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में बीच चीख-पुकार की स्थिति बन गई। कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए थे। सूचना मिलते ही मौके पर तपकरा थाना और करडेगा चौकी की पुलिस पहुंची। इन्होंने बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। राहत-बचाव कार्य में ग्रामीणों ने भी मदद की। घायलों को एम्बुलेंस और अन्य वाहनों से कुनकुरी अस्पताल और होली क्रॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समाचार लिखे जाने तक नौ गंभीर रूप से घायलों कुनकुरी की शुभो बाई (45), चांदनी (35), सुधीर (50), धनमति (55), रूकमणि (35), सुलोचनी (60), सुकसाय राम (28), जशपुर निवासी मनमेत बई (50) व अरूण बाघ (34) को मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर में भर्ती किया गया है, जिनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी में घटना का कारण ब्रेक फेल होना माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी जांच के बाद ही हादसे का असली वजह सामने आ पाएगा।

कलेक्टर, एसएसपी पहुंचे अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा सहित प्रशासनिक अधिकारियों की टीम अस्पताल पहुंची और घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। कलेक्टर ने चिकित्सकों को घायलों के बेहतर एवं त्वरित उपचार के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों से बात करके उनका हाल जाना और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए आश्वस्त किया है। उपचार के लिए जशपुर जिला अस्पताल सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों से अतिरिक्त डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को कुनकुरी भेजा गया है, ताकि सभी घायलों का समुचित और शीघ्र उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

ट्रक की टक्कर से बस सवार 5 की मौत
बलौदाबाजार जिले में दामाखेड़ा से 2 किलोमीटर आगे, नांदघाट के पहले सिमगा थाना क्षेत्र में दरचुरा गांव के पास हाईवे पर आरबीएस कंपनी की बस को ट्रक ने टक्कर मार दी। 6 मार्च की सुबह साढ़े 10 बजे हुए हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 यात्री घायल हो गए हैं। हादसा उस समय हुआ जब बस सड़क पर सवारी बैठाने के लिए धीमी हुई थी। इस दौरान पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक एमएच 37 टी 1821 के चालक ने बस को टक्कर मार दी। मृतकों में बेमेतरा निवासी त्रिवेणी (60), दशरथ साहू (80), राधिका निर्मलकर (24), खुशी साहू (2), चंचल साहू (21) शामिल हैं। घायलों को रायपुर मेकाहारा रेफर किया गया था। मृतकों में महिलाएं और बच्चे शामिल हंै। 21 वर्षीय चंचल साहू होली पर्व पर अपने घर आई थी, जो बिलासपुर के जीजीयू में पढ़ती थी। त्योहार मनाने के बाद शुक्रवार को पिता ने उसे बस स्टॉप पर छोड़ा था, और हंसते हुए विदा किया था। कुछ घंटे के बाद पता चला कि बस का एक्सीडेंट हो गया। इसके बाद वे खुद को संभाल नहीं पाए और हंसती-मुस्कुराती बेटी का शव देखकर फफककर रो पड़े।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख, हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश
जशपुर जिले में भीषण सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक्स पर पोस्ट करके कहा है कि जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड के ग्राम गोडाअंबा के पास हुई बस दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। इस दुर्घटना में कई लोगों के असामयिक निधन से मन अत्यंत व्यथित है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन घड़ी को सहन करने की शक्ति दें। दुर्घटना में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की उन्होंने कामना की है। जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

बयान
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दुर्घटना का कारण ब्रेक फेल होना पता चला है। तकनीकी जांच के बाद साफ हो पाएगा कि हादसे की वजह क्या थी। स्वास्थ्य टीम तैनात है, घायल मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
रोहित व्यास, जशपुर कलेक्टर

Categorized in: