कूटरचना करके नाम दर्ज कराने, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का आरोप

अंबिकापुर। लखनपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मांजा, मोहल्ला राजाकटेल से पण्डो समाज के लोगों ने पुलिस अधीक्षक सरगुजा को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि अति विशेष संरक्षित जनजाति पण्डो समाज के लोगों की भूमि को कूटरचना कर अवैध नाम दर्ज कराने वाले, जाति सूचक गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने वाले लोगों पर अपराध पंजीबद्ध किया जाए।

पण्डो जनजाति के लोगों ने जमील अहमद पिता गुलबहार, शकील अहमद पिता गुलबहार, शमीम अहमद पिता गुलबहार, गुलबहार अहमद, नसीम पिता सधुरन, खुरशीद पिता मुबारक, कबीर पिता मुबारक, असलम पिता कबीर, मोहम्मद जमील माता टुकली, खुरशीद पिता हुसैन, बाबर पिता हुसैन, मोहताब पिता जहुर, निसार, सुल्तान, रफीक, ताहिर, एनुल, बबलु खान पिता एनुल, सैनुल पिता ताहिर हुसैन, हसन, सहाजन, शफीक, रजाक, परवेज आलम, इत्याज अंसारी पिता उसमान अंसारी, खुदबुद्दीन, असमो मोहम्मद अंसारी, कुरबान एवं अन्य व्यक्तियों पर आरोप लगाया है कि वे वर्तमान में इनके गंभीर अन्याय और उत्पीड़न का सामना कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए आवेदन में उन्होंने कहा है कि वे परिवार सहित कई पीढ़ियों से अपनी राजाकटेल की पैतृक भूमि पर निवास करते आ रहे हैं, उनके जीवन-यापन का मुख्य आधार कृषि है। आरोप है कि इनके पारिवारिक पैतृक भूमि के संबंध में कूटरचना करके बलपूर्वक राजस्व अभिलेखों में कुछ लोगों के द्वारा अपना नाम दर्ज करा लिया गया है। जब पण्डो जनजाति के लोग द्वारा अनावेदक गण से भूमि पर किए गए कब्जे को खाली करने की बात की जाती है तो सभी एकराय एवं संगठित होकर उन्हें जान से मारने की धमकी और जातिसूचक गाली देते हुए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हैं। पण्डो जनजाति के लोगों ने बताया कि आरोपियों द्वारा गांव के कई पण्डो जाति के लोगों की काबिज काश्त भूमि पर भी जबरन कब्जा कर लिया गया है जिस पर शासन द्वारा वन अधिकार पट्टा दिया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से विस्तृत जांच करते हुए अनावेदकों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं एक्ट्रोसिटी एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध दर्ज करने की माँग की है। इस दौरान लाल गुलाब, संजय, हीरामती, फुलसुन्दरी, रतियानो, विरोधन पण्डो, सलमान पण्डो, रतन पण्डो, दरोगा, शिवप्रसाद, मुन्ना, शिवचरण सहित पण्डो जनजाति के अन्य लोग उपस्थित थे ।

 

 

 

Categorized in: