पुलिस ने घटना के बारे में पूछा तो कहा-काम नहीं करते थे पिता, बाई मिस्टेक मार दिया

अंबिकापुर। मणीपुर थाना अंतर्गत ट्रांसपोर्टनगर से लगे बहेरापारा में सोमवार की रात एक युवक ने अपने पिता के सिर पर टांगी के पिछले हिस्से से ताबड़तोड़ प्रहार करके हत्या कर दी। हत्या के बाद शराब के नशे में मदहोश पुत्र बिना किसी मलाल के पिता के शव को पानी टंकी में औंधे मुंह डाल दिया, इसके बाद वह बिरयानी खाकर सो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पानी टंकी से शव बरामद किया है। पूछताछ में पुलिस को आरोपी ने बाई मिस्टेक घटना होने और पिता के काम नहीं करने की बात से नाराज होकर घटना को अंजाम देना स्वीकारा है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टांगी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक 02 मार्च को थाना मणीपुर पुलिस टीम को सूचना मिली कि कदमपारा ट्रांसपोर्टनगर में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, और उसका शव पानी टंकी में पड़ा है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के साला से घटना के संबंध में पूछताछ किया तो वह बताया कि जीजा पारसनाथ केरकेट्टा और भांजा प्रभात केरकेट्टा कदमपारा ट्रांसपोर्टनगर में एक ही जगह पर रहते थे। प्रभात केरकेट्टा मुर्गा दुकान मे काम करके अपना खर्चा चलाता था, मृतक कुछ काम नहीं करता था। जीजा और भांजा के बीच में कुछ नहीं देने और कुछ काम नहीं करने की बात को लेकर हमेशा झगड़ा, मारपीट होते रहता था। 02 मार्च की रात्रि को प्रभात का अपने पिता पारसनाथ केरकेट्टा से विवाद हुआ और वह गाली-गलौज करते हुए टांगी के पासा से मारपीट करके शव को पानी टंकी में डाल दिया था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध थाना मणीपुर में धारा 103 (1) बीएनएस का मामला कायम करके विवेचना में लिया, और घटना स्थल का निरीक्षण करके आरोपी प्रभात केरकेट्टा उर्फ लेदा 23 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपने पिता की हत्या टांगी से पासा से गंभीर चोट पहुंचाकर करना स्वीकार किया। हत्या के बाद वह शव को घर के पास बने पानी टंकी में डाल दिया था। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगी एवं घटना के दौरान पहना गया बनियान जप्त किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश किया, यहां से उसे जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी मणीपुर उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, सहायक उप निरीक्षक दिलसाय कुजूर व सिदयुस लकड़ा, प्रधान आरक्षक नारायण चौधरी, नरेन्द्र जांगड़े, आरक्षक सत्येंद्र दुबे, रामशंकर यादव, अनिल सिंह, सैनिक ओम प्रकाश दुबे सहित अन्य सक्रिय रहे।

 

Categorized in: