अंबिकापुर। सरगुजा जिला के बतौली थाना क्षेत्र के वाटिकापारा में सोमवार को देर रात अज्ञात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाया। चोरों ने योगेश क्लॉथ स्टोर और जय माता दी एग्रो का शटर तोड़कर नकदी सहित लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया।

बतौली नगर के हृदय स्थल में स्थित दुकानों में हुई चोरी की घटना से लोग पशोपेश में हैं। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की कोशिश कर रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग 43 से लगे जय माता दी एग्रो के संचालक संतोष गुप्ता ने 70 हजार के चोरी की पुष्टि की है। चोर ने दुकान के काउंटर के लॉकर को पेचकस से तोड़कर रकम पार किया है। संतोष गुप्ता दुकान के ऊपरी तल में परिवार सहित रहते हैं, जहां चोरों ने दुकान का शटर को तोड़कर बेखौफ चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने जय माता दी एग्रो के सामने योगेश क्लॉथ से भी पैसा व कपड़ा चोरी किया है, चोरी कितने की हुई है, यह समाचार लिखे जाने तक अस्पष्ट है। घटना से वाटिकापारा सहित पूरे शहर में पुलिसिंग को लोग निशाने पर ले रहे हैं। होलिका दहन के दिन चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती के बीच हुई चोरी की वारदात के बाद व्यापारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

थाना प्रभारी ने कहा
थाना प्रभारी विवेक सेंगर ने कहा कि चोरी का मामला संज्ञान में आने के बाद गंभीरता से जांच की जा रही है। दोनों प्रतिष्ठानों से चोरी गए सामानों की और नकद रकम की पड़ताल की जा रही है। संतोष गुप्ता के यहां 70 हजार रुपये चोरी की बात सामने आई है। चोरों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

 

 

Categorized in: