सर्व दल समाज ने गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर किया प्रदर्शन
डेढ़ घंटे से अधिक सड़क जाम रहने से आवागमन ठप रहने की बनी स्थिति

अंबिकापुर। अमित बघेल की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सर्व समाज सरगुजा संभाग ने शनिवार को शहर के महाराजा अग्रसेन चैक में धरना प्रदर्शन किया और तीन दिन के अंदर गिरफ्तारी नहीं होने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इस संबंध में एक ज्ञापन पत्र वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सौंपा गया है। 11.30 बजे से लेकर एक बजे तक चले प्रदर्शन के दौरान अमित बघेल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। इस दौरान मार्ग अवरूद्ध होने से लोगों को काफी दिक्कतों का भी सामना करना पड़ा। इसके पहले अग्रवाल समाज व सिंधी समाज के द्वारा भी पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया था और एफआइआर दर्ज करने की मांग की गई थी।

अग्रवाल समाज के अध्यक्ष संजय मित्तल ने कहा अमित बघेल को हीरो बनने का मौका शासन-प्रशासन दे रहा है। अगर एफआईआर दर्ज करने के बाद कार्रवाई होती, तो सड़क पर आकर धरना-प्रदर्शन करने की नौबत नहीं बनती। उन्होंने कहा कि मामले में विधिसम्मत और रासुका के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर अमित बघेल की गिरफ्तारी नहीं हुई तो 10 नवम्बर को पूरा छत्तीसगढ़ बंद किया जाएगा, आगे सर्व समाज के निर्णय अनुसार कदम उठाया जाएगा। हरियाणा के सुदर्शन अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में दहाड़ते हुए अमित बघेल को इंगित करते हुए कहा कि वे सिद्घ कर देंगे कि ये छत्तीसगढ़िया बघेल नहीं है। छत्तीसगढ़ महतारी पहले हमार बाद में तोहार है। सर्व समाज की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि अमित बघेल, अध्यक्ष जोहर छत्तीसगढ़ पार्टी के द्वारा प्रदेश की सामाजिक समरसता एवं सौहार्द्र को बिगाड़ने के उद्देश्य से अग्रवाल समाज के आराध्य भगवान श्री अग्रसेन एवं सिंधी समाज के आराध्य भगवान झूलेलाल सहित श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय पर अमर्यादित टिप्पणी की गई थी। इस संबंध में सरगुजा संभाग के अनेक स्थानों पर उक्त व्यक्ति के विरूद्ध एफआइआर भी दर्ज किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश भर में विभिन्न जगहों पर अग्रवाल समाज एवं सिंधी समाज सहित देश के कई स्थानों में एफआईआर दर्ज कराई गई है। एफआइआर दर्ज होने के बाद लंबी अवधि के पश्चात भी अमित बघेल की गिरफ्तारी नहीं हुई है। अमित बघेल के द्वारा लगातार सामाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने की कोशिश करते हुए अनावश्यक टिप्पणी सोशल मीडिया सहित अन्य प्लेटफार्म पर की जा रही है। छत्तीसगढ़ में जन्मे भारतवासियों को लगातार बाहरी बताकर आमजन में कटुता पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही सिंधियों को पाकिस्तानी बोला जा रहा है, जो कि राष्ट्रद्रोह का मामला बनता है। इससे छत्तीसगढ़ की शांतप्रिय जनता के बीच सामाजिक समरसता बिगड़ने की पूरी संभावना है। पुलिस प्रशासन द्वारा आज दिनांक तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं किए जाने को सवालों के घेरे में लेते हुए आगामी तीन दिनों के अंदर अमित बघेल की गिरफ्तारी नहीं होने पर सर्व समाज के द्वारा आंदोलन और तीव्र करने की चेतावनी दी गई है। कहा गया है कि सरगुजा संभाग में सामाजिक सम्मान और आत्मसुरक्षा की लड़ाई के लिए सर्व समाज सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान काफी संख्या में सभी समाज के लोगों की उपस्थिति रही।

Categorized in: