पूर्व विधायक ने कहा-वे डरने वाले नहीं हैं

अंबिकापुर। कांग्रेस से निष्कासित पूर्व विधायक वृहस्पति सिंह के द्वारा दिए गए बयान के विरोध में शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में थाना कोतवाली में आवेदन देकर उनके विरुद्ध अपराध दर्ज करने की मांग की है।  मीडिया को दिए बाइट में कांग्रेस जिलाध्यक्षों के चयन को लेकर जारी संगठन सृजन अभियान को कटघरे में खड़ा करते हुए वृहस्पति सिंह ने आखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव और छत्तीसगढ़ की सहप्रभारी जरिता लैतफलांग पर आरोप लगाया है कि वे सरगुजा संभाग के जिलों में कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए दावेदारों से संपर्क करके पैसे की मांग कर रही हैं। वृहस्पति सिंह के इस आधारहीन आरोप से आक्रोशित कांग्रेस के जिला संगठन ने उनके विरुद्ध थाने में आवेदन सौंपा है और अपराध दर्ज करने की मांग की है। वहीं पूर्व विधायक वृहस्पत सिंह ने कहा है कि वे इनके द्वारा उठाए जा रहे कदम से डरने वाले नहीं हैं।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि बृहस्पति सिंह आदतन आधारहीन बयानबाजी करते आ रहे हैं, इसी कारण आज वो पार्टी से निष्कासित हैं। उनके द्वारा दिया गया यह बयान न केवल पार्टी की राष्ट्रीय सचिव जरिता लैतफलांग की मानहानि है, इससे पार्टी की छवि को धक्का लगा और पार्टी के द्वारा चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान को प्रश्नांकित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर वे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र लिखकर प्रदेश के उन नेताओं के विषय में शिकायत करेंगे जो वृहस्पति सिंह जैसे निष्कासित नेताओं को अभी भी शह देकर पार्टी और पार्टी के कर्मठ नेताओं के विरुद्ध अमर्यादित बयानबाजी के लिए उकसा रहे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शफी अहमद और द्वितेंद्र मिश्रा भी कोतवाली अंबिकापुर में इस मौके पर मौजूद थे। ये दोनों सरगुजा जिले के लिए कांग्रेस जिलाध्यक्ष की दौड़ में शामिल हैं। छत्तीसगढ़ की सहप्रभारी जरिता लैतफलांग पर वृहस्पति सिंह द्वारा लगाए गए आरोप पर इन दोनों ने आश्चर्य व्यक्त किया। इस दौरान पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, इंद्रजीत सिंह धंजल, विनीत विशाल जायसवाल, अनूप मेहता, जमील खान, लोकेश कुमार, चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, निखिल विश्वकर्मा, प्रमोद चौधरी, अविनाश कुमार,  अमित सिंह, मो. इमरान, विकास केसरी, मिथुन सिंह, सतीश यादव मौजूद थे।

पार्टी के साथ भितरघात करने वाला लगा रहा आरोप
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि संगठन के लिए पूरी निष्ठा के साथ समर्पित जरिता लैतफलांग पर व्यक्तिगत आरोप लगा है, जिन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी के साथ भितरघात किया, उस पर कौन विश्वास करेगा। पीसीसी महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस से निष्कासित इस व्यक्ति के पीछे कोई तो है जो संगठन सृजन के इस गंभीर और पारदर्शी अभियान को दागदार बना अपना हित साधना चाह रहा है।

Categorized in: