जिला व पुलिस प्रशासन की कार्रवाई, एनडीपीएस के मामले में जेल में निरूद्ध पत्नी एक माह से है फरार

अंबिकापुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम खैरबार और दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम सखौली में ठिकाना बनाकर नशे का कारोबार करके लम्बे समय से फल-फूल रहे दंपती के एक ताला बंद ठिकाने का गुरूवार को जिला और पुलिस प्रशासन केअमले ने बुलडोजर चलाकर मलबे में तब्दील करने की बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी दंपती व इनके सहयोगी द्वारा खैरबार सहित अंबिकापुर इलाके को नशे का गढ़ बनाने में पीछे नहीं थे। ग्रामीण क्षेत्रों में पैर पसारने के लिए दरिमा थाना क्षेत्र में भी कब्जा करके अपना ठिकाना बना लिया था। खैरबार में हायर सेंकेंडरी स्कूल के पास घर बनाकर आरोपी आने वाली पीढ़ी को नशे के गर्त में ढकेल रहे थे। कुछ दिन पूर्व मनोज सोनी की केंद्रीय जेल में निरूद्ध पत्नी मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर से फरार हो गई है, जिसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि खैरबार का ही नशे के कारोबारियों का एक सहयोगी जेल में है।  

जानकारी के मुताबिक मनोज सोनी कोतवाली थाना क्षेत्र के खैरबार का रहने वाला है। मनोज अपनी पत्नी आरती सोनी के साथ अवैध नशीले पदार्थों के खरीद-बिक्री का काम करता है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस की कार्रवाई की गई है, इसके बावजूद इनकी हरकतों में बदलाव नहीं आया, और अवैध नशा के कारोबार का दायरा बढ़ते चला गया। दूसरे जिले व प्रदेशों से मादक पदार्थ लाकर ये अंबिकापुर शहर सहित आस-पास के इलाकों में बिक्री करने का काम करते थे। नशे का अवैध करोबार बढ़ता देखकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने कलेक्टर से इनके द्वारा अवैध तरीके से बनाए गए निर्मित घरों पर कार्रवाई को लेकर पत्र खिला था। कलेक्टर ने जब इसकी जांच कराई तो पाया कि मनोज व आरती सोनी का दरिमा स्थित सखौली में बना मकान अतिक्रमित भूमि पर है। इसके बाद गुरूवार को प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उसके घर को बुलडोजर चलाकर नेस्तनाबूद कर दिया। इसके पहले पूरे परिवार के साथ फरार आरोपी दंपती के तलाश में पुलिस लगी थी। मनोज सोनी और उसकी पत्नी आरती सोनी द्वारा अंबिकापुर से लगे खैरबार में भी जिस जमीन में नशीली सामग्री बेचकर अर्जित किए गए धन से मकान बनाए हंै, वह भूमि भी अवैध बताई जा रही है। खैरबार के हायर सेकेंडरी स्कूल के सामने सालों से यह परिवार गांजा बेचने से नशे के कारोबार की शुरूआत किया, बाद में नशीली दवाओं की बिक्री करने लगा। पुलिस के अनुसार खैरबार में स्थित मनोज सोनी के अवैध निर्माण की जांच प्रशासन कर रहा है, यहां भी जल्द बुलडोजर चलने की संभावना बनी हुई है। कार्रवाई के दौरान दरिमा तहसीलदार सहित पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी रही।

केंद्रीय जेल में निरूद्ध आरती अस्पताल से हुई है फरार
अवैध मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार की गई मनोज सोनी की पत्नी आरती सोनी को दरिमा थाने की पुलिस ने गिरफ्तार करके न्यायालय के आदेश पर केंद्रीय जेल में शिफ्ट किया था। बीते 30 मई को आरती सोनी की तबियत खराब होने पर जेल चिकित्सक के सलाह पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के मातृ एवं शिशु चिकित्सा परिसर में भर्ती कराया गया था। यहां जेल प्रहरी के पहरे में उसका इलाज चल रहा था। इधर आरोपिया देर रात प्रहरी को चकमा देकर अस्पताल के वार्ड से फरार हो गई, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। मणिपुर थाने में आरोपिया के विरूद्ध एक और केस दर्ज किया गया है।

मनोज सोनी के विरूद्ध 6 मामले हंै दर्ज
मनोज सोनी के खिलाफ कोतवाली थाना में 6 मामले दर्ज हैं, जिसमें 4 एनडीपएस के हैं। एक आबकारी एक्ट व एक मारपीट से जुड़ा मामला है। इसकी पत्नी के खिलाफ भी कोतवाली व दरिमा थाने में एनडीपीएस व आबकारी के मामले दर्ज हैं। आरोपी मनोज सोनी के द्वारा नशे के कारोबार से दूरी नहीं बनाने पर कोतवाली थाना प्रभारी की ओर से पूर्व में पदस्थ पुलिस अधीक्षक को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया था।

Categorized in: