वनांचल ग्राम छतौली के लोगों की समस्या को देखकर सांसद हुए गंभीर

भैयाथान। विकासखंड ओड़गी अंतर्गत दूरस्थ वनांचल ग्राम पंचायत छतौली के आश्रित ग्राम बड़वारीपारा में बीते गुरुवार को पहुंचे सांसद चिंतामणि महराज ने पंडो जनजाति समाज की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर उपस्थित अधिकारियों को त्वरित समाधान के कड़े निर्देश दिए। आजादी के बाद इस क्षेत्र में रहने वाले 35-40 पंडो जनजाति परिवार मूलभूत सुविधाओं से आज भी वंचित हैं। पानी, बिजली, स्कूल, आंगनबाड़ी भी नहीं है, इसका मुख्य कारण रिजर्व फॉरेस्ट के अधीन होना बताया जा रहा है, जबकि केंद्र व राज्य सरकार इस समुदाय के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है।

सांसद ने ग्रामीणों की व्यथा को गंभीरता से सुना और शिक्षा व महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को वैकल्पिक व्यवस्था करके तत्काल स्कूल व आंगनबाड़ी प्रारंभ करने कहा। अधिकारियों ने आगामी सोमवार से दोनों सुविधाएं शुरू कर देने का आश्वासन दिया है। वनमंडलाधिकारी ने वन विभाग के भवन को स्कूल और आंगनबाड़ी संचालन के लिए उपलब्ध कराने सहमति दी है। बहरहाल सांसद चिंतामणि महराज का यह कदम न केवल पंडो जनजाति समाज के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक मिसाल है, जरूरत है प्रशासन और संबंधित विभाग धरातल में दशकों से उपेक्षित इस समुदाय को उनका हक दिलाने की पहल करे। सांसद ने कहा कि बच्चों और गर्भवती महिलाओं को दूर का सफर न करना पड़े, उन्हें आगनबाड़ी में ही पोषण आहार वितरण करना सुनिश्चित करें। छोटे बच्चों को प्रथमिक शिक्षा भी गांव में ही मुहैया कराया जाए। मोहल्ले में एक भी हैंडपंप नहीं होने के कारण नदी का पानी पीने की मजबूरी सामने आने पर सांसद ने पेयजल हेतु लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के एसडीओ को हैंडपम्प खनन करने निर्देशित किया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सत्यनारायण सिंह, अवध पाठक, रामपाल जायसवाल, गया जायसवाल, राजेश्वर तिवारी, प्रदीप द्विवेदी, अशोक गुप्ता, मुकेश श्रीवास्तव, नवीन गोयल, पुनीत पाठक, शिवप्रसाद सिंह, वनमंडलाधिकारी (सेंचुरी) श्रीनिवास नेटी, तहसीलदार सुरेश राय, जनपद पंचायत सीईओ निलेश सोनी, बीआरसी नरेंद्र दुबे, परियोजना अधिकारी जगेश्वर साहू, मण्डल संयोजक मनोहर गुप्ता सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

ग्रामीणों में जगी उम्मीद  
सांसद के त्वरित हस्तक्षेप से बड़वारीपारा के ग्रामीणों में नई उम्मीद जगी है। पंडो जनजाति समाज के लोगों ने सांसद के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनकी समस्याओं को पहली बार इतनी गंभीरता से सुना गया है। सांसद ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि क्षेत्र में सड़क, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए वैकल्पिक योजनाओं पर तत्काल काम शुरू किया जाए।

समस्या का समाधान हमारी जिम्मेदारी
चिंतामणि महराज ने कहा पंडो जनजाति समाज के लोग हमारी प्राथमिकता है। उनकी हर समस्या का समाधान हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी आवाज संसद तक पहुंचेगी और क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

मंडल संयोजक, अधीक्षक को फटकारा
सांसद ने निरीक्षण के दौरान ग्राम खोड़ स्थित बालक छात्रावास की भवन को अत्यंत जर्जर हालत में पाया। यहां लाइट की कमी, बाथरूम में पानी की अनुपलब्धता और बदबूदार वातावरण को देखते हुए सांसद ने बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति चिंता जाहिर की। इसके अलावा 100 सीटर कन्या आश्रम में शौचालयों की बदहाल स्थिति को देखकर सांसद ने आदिवासी विभाग की लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए उपस्थित मंडल संयोजक, अधीक्षक को जमकर फटकार लगाई और तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

Categorized in: