अंबिकापुर। अंबिकापुर-बनारस रोड में लटोरी से चठिरमा के बीच वाहनों के जांच में लगी पुलिस टीम ने कार सवार अंतर्राज्यीय तस्कर से 3000 नग, प्रतिबंधित नशीला इंजेक्शन जप्त किया है। आरोपी के विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी के कब्जे से जप्त 18 हजार मिलीलीटर प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन की कीमत लगभग 10 लाख रुपये है।

नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक सरगुजा योगेश पटेल ने अवैध मादक पदार्थों के तस्करों पर निगरानी रखने के उद्देश्य से जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों तक संदिग्ध वाहनों की सघन जांच करने के निर्देश दिए हैं। इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो एवं नगर पुलिस अधीक्षक रोहित शाह के नेतृत्व में 17 जून की रात थाना गांधीनगर पुलिस के द्वारा लटोरी से चठिरमा के बीच वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान लटोरी की तरफ से आ रही सफेद रंग की अल्टो कार क्रमांक जेएच 01 डीसी 3645 का चालक वाहन चेकिंग होते देखकर अपनी कार को बैक करके भागने का प्रयास करने लगा। वाहन चालक को रुकने के लिए पुलिस टीम ने जब इशारा किया तो वह वाहन से उतर कर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी करके संदेही का पीछा किया और उसे कब्जे में ली। पूछताछ में कार सवार ने अपना नाम पंकज धर दुबे पिता विनोद धर दुबे 28 वर्ष, निवासी अचला नवाडीह, थाना गढ़वा झारखण्ड बताया। पुलिस टीम द्वारा युवक व कार की तलाशी लेने पर कार में अलग-अलग कार्टून में तीन हजार नग अवैध प्रतिबंधित नशीला इंजेक्शन मिला, इसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी ने पूछताछ में वाणिज्यिक मात्रा में नारकोटिक्स युक्त इंजेक्शन को अवैध बिक्री हेतु गढ़वा झारखंड से लेकर अंबिकापुर लेकर आने की जानकारी दी। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अल्टो कार व प्रतिबंधात्मक इंजेक्शन जप्त किया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 22 (सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, आरक्षक अतुल सिंह, मनीष सिंह, सतीश सिंह, संजीव पाण्डेय, अरविन्द उपाध्याय, उमाशंकर साहू, ऋषभ सिंह, राजेश किंडो, नारायण सिंह शामिल रहे।

मांद में जाकर आरोपियों को पकड़ने की तैयारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने बताया कि काफी मात्रा में इंजेक्शन के साथ पकड़े गए अंतर्राज्यीय आरोपी से पूछताछ में कई तथ्य सामने आए हैं, जिस पर जांच कार्रवाई चल रही है। आरोपी किस मेडिकल स्टोर से झारखंड से इंजेक्शन लेकर आया, स्टोर संचालक ने किस आधार पर इंजेक्शन आरोपी को दिया, इसकी जांच के बाद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी होगी। आरोपी के पृष्ठभूमि के बारे में भी पुलिस तहकीकात कर रही है।

Categorized in: