अंबिकापुर के अलावा सूरजपुर जिले में भी लोग हुए ठगी का शिकार


अंबिकापुर। सउदी अरब स्थित उमराह भ्रमण व हज यात्रा के लिए टूर पैकेज के नाम पर सरगुजा संभाग के एक सौ से अधिक लोगों से एक करोड़ से अधिक की ठगी करने वाले ट्रैवल एजेंट को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने एजेंट के कब्जे से 22 नग पासपोर्ट व तीन नग रसीद बुक बरामद किया है।
शहर के मायापुर निवासी फैजान आलम अंसारी ने पुलिस को बताया था कि 21 फरवरी को टूर एंड ट्रेवल्स कंपनी के संचालक इमरान रजा निवासी नवागढ़ अंबिकापुर ने सऊदी अरब उमराह ले जाने के लिए ट्रेवल्स कंपनी का पैकेज बताया, इसके बाद उसके परिवार के आठ सदस्यों ने उमराह जाने के लिए तीन अलग-अलग चेक के माध्यम से तीन लाख 48 हजार रुपये इमरान रजा को दे दिया। इसके बाद इमरान रजा उससे किसी प्रकार का संपर्क भी नहीं किया। फैजान ने जब उसे तलाश करना शुरू किया तो उसे इमरान रजा के भाग जाने की जानकारी मिली। धोखाधड़ी की आशंका पर वह थाना आकर इसकी जानकारी दिया, जिस पर पुलिस ने धारा 420 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। मामले को संज्ञान में लेकर पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज ाम गोपाल गर्ग ने पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता को आस्था के साथ खिलवाड़ कर ठगी करने के मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला, एसडीओपी अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में कोतवाली प्रभारी उपनिरीक्षक रुपेश नारंग के साथ विशेष पुलिस टीम गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मुखबिर तैनात किए थे। इस दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी शहर के आस-पास अपना ठिकाना बदल-बदल कर रह रहा है। पुलिस टीम घेराबंदी कर आरोपी इमरान रजा को बिलासपुर चौक के पास घेराबंदी कर पकड़ी और पूछताछ की तो उसने उमराह ले जाने अपनी टूर एंड ट्रेवल्स कंपनी के नाम पर ठगी करना स्वीकार किया। पुलिस ने टैवलिंग कंपनी के एजेंट को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड में लेगी। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उपनिरीक्षक रुपेश नारंग के साथ सहायक उप निरीक्षक संजय गुप्ता, प्रधान आरक्षक छात्रापाल सिंह, आरक्षक कुंदन सिंह, धीरज सिंह, इदरीश खान, प्रवीणचंद तिवारी शामिल रहे।
वीजा नहीं मिलने पर हुआ संदेह
हज यात्रा कराने के नाम पर सरगुजा संभाग के एक सौ से अधिक लोगों से रुपये उगाही के बाद ट्रैवल एजेंट इमराज रजा के द्वारा लोगों से दूरी बनाना और उमराह टूर के लिए वीजा नहीं देने से लोगों को संदेह हुआ। जब उन्होंने वीजा के लिए ट्रैवल एजेंट से संपर्क किया तो वह टालमटोल करने लगा, बाद में वह घर व कार्यालय से फरार हो गया। इसके बाद मामले की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई और पुलिस ने बुधवार को आरोपी ट्रैवल एजेंट को शहर से गिरफ्तार कर लिया।
18 फरवरी को मुंबई से फ्लाईट होना बताया
ट्रैवल एजेंट इमरान रजा ने हज उमराह कराने के एवज में रुपये लेने के साथ ही सभी का मूल पासपोर्ट भी ले लिया था। सूरजपुर जिले के मानपुर में जिनके संपर्क में वह आया उन्हें आश्वस्त किया कि 18 फरवरी 2023 को मुंबई से सभी का फ्लाइट अरब के लिए है। इसी आधार पर मुंबई तक जाने के लिए ट्रेन टिकिट भी लोगों ने कन्फर्म करा लिया था। पुन: इन्हें 18 के बजाए 26 फरवरी को मुंबई से फ्लाइट होने की जानकारी दी गई। सभी ने पुन: ट्रेन टिकिट अगली तिथि का बुक कराया, इसके बाद से इमरान अपना मोबाईल बंद कर दिया और आफिस के पते पर ताला लगाकर फरार हो गया।

Categorized in: