बलरामपुर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर कांग्रेस ने जमकर हल्ला बोला। राजपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में मंगलवार को कांग्रेसियों ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का पुतला दहन किया।
यह विरोध प्रदर्शन ग्राम पंचायत मदनेश्वरपुर के पहाड़ी कोरवा युवक गुड्डू पिता छेरतु की मौत के विरोध में किया गया। बताया गया कि 4 अक्टूबर को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल गुड्डू को सरगुजा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर किया। लेकिन सरकारी एंबुलेंस की उपलब्धता न होने से 24 घंटे से अधिक का विलंब हुआ, जिसके कारण समय पर रायपुर नहीं पहुंच पाने से युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
इस हृदयविदारक घटना से आक्रोशित कांग्रेसजनों ने ब्लॉक अध्यक्ष सुनील सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यालय से जुलूस निकालकर डेली सब्जी मार्केट के सामने जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है — अस्पतालों में संसाधनों की भारी कमी, एंबुलेंस की अनुपलब्धता और डॉक्टरों की लापरवाही से आमजन की जान खतरे में है।
ब्लॉक अध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि “प्रदेश सरकार गरीबों और आदिवासी समुदायों की जान के साथ खिलवाड़ कर रही है।” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं किया गया तो कांग्रेस जन सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे।
इस अवसर पर पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, ब्लॉक उपाध्यक्ष लाल साय मिंज, सुरेश सोनी, राम बिहारी यादव सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
