छ.ग.फ्रंटलाइन
सीतापुर। गंभीर बीमारी से पीड़ित सेना के जवान की मौत के बाद गमगीन माहौल में उनके गृहग्राम में अंतिम संस्कार किया गया। शवयात्रा में पूर्व सैनिक एवं विधायक रामकुमार टोप्पो सहित सेना एवं पुलिस के अधिकारी, जवान, जनप्रतिनिधियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
बता दें कि सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम गाड़ाबहरी उलकिया निवासी अरुण कुमार पिता सीताराम सशस्त्र सीमा बल में कांस्टेबल के पद पर उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में तैनात थे। 25 दिसंबर की छुट्टी में वे अपने घर आए थे, इसी बीच उनकी तबियत बिगड़नेे पर उपचार हेतु रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्थमा एवं किडनी की बीमारी से ग्रसित होने के कारण उनकी हालत काफी गंभीर थी। इसे देखते हुए उन्हें वेंटिलेटर पर रखकर चिकित्सक उपचार कर रहे थे। उपचार के बीच हालत में सुधार नहीं हो पाया और उनकी मौत हो गई। उनका पार्थिव शरीर सेना के वाहन से उनके गृहग्राम लाया गया। पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही वहां का माहौल गमगीन हो गया। जवान बेटे की मौत से स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। अंतिम दर्शन करने काफी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ रही थी। पूर्व सैनिक एवं विधायक रामकुमार टोप्पो, मंडल अध्यक्ष श्रवण दास, प्रभात खलखो, भाजपा नेता अनिल अग्रवाल, एसडीओपी राजेंद्र मंडावी, थाना प्रभारी अश्विनी सिंह, सेना के अधिकारी एवं जवानों ने पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सेना के सशस्त्र जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर के बाद अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर काफी संख्या में क्षेत्रवासियों की मौजूदगी रही।

Categorized in: