कांग्रेस के साढ़े तीन वर्ष के शासनकाल में विकास कार्य, लायन आर्डर की स्थिति बदतर


अंबिकापुर। अंबिकापुर प्रवास पर पहुंचे छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने स्थानीय सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस के साढ़े तीन वर्ष के शासनकाल में विकास कार्य, लायन आर्डर की स्थिति बदतर है। शीर्ष नेताओं की लड़ाई में सरगुजा युद्धभूमि बन गया। यहां का विकास अवरुद्ध कर दिया गया। बदला लेने जैसी कार्रवाई की गई। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा उन्होंने सरगुजा संभाग को गोद लेने की बात कही थी। 15 साल के मुख्यमंत्रित्व काल में विकास का जो माइलस्टोन उन्होंने रखा, वही आज भी देखने को मिल रहा है। साढ़े तीन वर्षों में कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में स्थिति खराब है। जनता ने कांग्रेस को पूरे विश्वास के साथ अपना पूर्ण समर्थन दिया था, जिसे उन्होंने खंडित करके रख दिया। विकास शून्यता की स्थिति इसे स्पष्ट कर रही है। भाजपा के शासनकाल की योजनाओं का नया नामकरण करने में भूपेश सरकार लगी है। आपसी द्वंद्व की स्थिति बनी हुई है। अवैध कब्जा हटाने की हिम्मत शासन-प्रशासन में नहीं है। शासन, सत्ता में रहते हुए इन्हें अपनी ही योजनाओं पर भरोसा नहीं है। खैरागढ़ उपचुनाव में इन्हें जनता को प्रभावित करने के लिए घोषणा पत्र जारी करना पड़ रहा है। जीत के लिए खैरागढ़ को जिला बनाने की घोषणा कर दिए। अमृत मिशन के लिए तीन हजार करोड़ से अधिक केंद्र से मिलने के बाद बंदरबांट की हद पार कर दी गई। पूरे प्रदेश के लिए केंद्र सरकार ने 3 हजार करोड़ रुपये अमृत मिशन योजना को साकार करने के लिए दिए थे, लेकिन पूरे प्रदेश में अमृत मिशन काम अधूरा है।
नदियों की धारा बदलने का काम कर रहे सीएम-
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने रेत माफियाओं पर निशाना साधते हुए कहा कि बेखौफ होकर रेत माफियाओं का राज छत्तीसगढ़ में चल रहा है। यहां का बालू उत्तर प्रदेश, बिहार जा रहा है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नदियों की धारा बदलने का काम कर रहे हैं। इनके विरुद्ध आवाज उठाने वाला षड्यंत्र का शिकार हो रहा है। विधायक के पति को एक्ट्रोसिटी एक्ट में जेल भिजवाने का मामला छत्तीसगढ़ में सामने आ चुका है। पत्रकारों को जेल में डालने का षड्यंत्र रचा जा रहा है, जिससे मीडिया जगत दहशत में है। वर्तमान में स्थिति आपातकाल से भी खराब व तकलीफदेह है।
गोबर में कंकड़ मिलाकर बना रहे खाद-
पत्रकारों के एक सवाल के जवाब पर डॉ.रमन सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा शेयर का प्रतिशत 32 से बढ़ाकर 42 प्रतिशत दिया गया है। ऐसे में यह कहने का हक नहीं बनता है कि केंद्र से छत्तीसगढ़ को राशि नहीं मिल रही है। यहां दी जा रही रकम का उपयोग नरूआ, गरुआ घुरुआ, बाड़ी में हो रहा है। दो रुपये किलो गोबर खरीदकर कंकड़ मिलाकर खाद दे रहे हैं।
गरीबों का 12 लाख आवास छीन लिया भूपेश सरकार ने-
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की गरीबों से जुड़ी महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए 40 प्रतिशत राशि कर्ज में डूबी भूपेश बघेल सरकार नहीं दे पाई, जिससे 12 लाख गरीबों का आवास का सपना पूरा नहीं हो पाया। जबकि केंद्र के द्वारा आवास के लिए 60 प्रतिशत राशि दे दी गई थी।
साढ़े तीन साल में 81 हजार करोड़ का कर्ज-
डॉ.रमन सिंह ने कहा छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार साढ़े तीन साल में 81 हजार करोड़ रुपये के कर्ज में डूब चुकी है। इसका ब्याज हर साल 12 हजार करोड़ देना पड़ रहा है। छत्तीसगढ़ प्रदेश बनने के बाद जोगी सरकार के त्रिवर्षीय कार्यकाल में आठ हजार करोड़ कर्ज प्रदेश के विकास सहित अन्य खर्च की पूर्ति के लिए लिया गया था। भाजपा सरकार के 15 वर्षीय शासनकाल में 36 हजार करोड़ कर्ज लिया गया। कांग्रेस ने साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में 81 हजार करोड़ रुपये कर्ज लिया है, इसके बाद भी गरीबों का भला नहीं हो पा रहा है।
आइपीएल के तर्ज पर कलेक्टर-एसपी की पदस्थापना
डॉ.रमन सिंह ने भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस के सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक की पदस्थापना के लिए बोली लग रही है। आइपीएल के तर्ज पर इनकी पदस्थापना की जा रही है। कोरबा जिले में कलेक्टर की पदस्थापना के लिए आठ करोड़ तो कहीं छह करोड़ की बोली लग रही है। जिनकी पदस्थापना रुपये की बोली से हो उन्हें प्रदेश की कानून व्यवस्था से क्या लेना-देना होगा। जनता वर्तमान सरकार से त्रस्त हो चुकी है और जल्द ही सरकार के विरोध में सड़कों पर उतरेगी।
खैरागढ़ उपचुनाव में भाजपा की स्थिति ठीक-
पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने पत्रकारों के सवाल पर कहा कि प्रदेश का मुख्यमंत्री इतना डरा व घबराया हुआ है कि खैरागढ़ के विधानसभा उपचुनाव दौरान आठ दिनों तक घूमते रह गए। विस चुनाव के दौरान कई ट्रक साड़ी, कंबल व शराब पकड़े गए हैं। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस की स्थिति खराब है और भाजपा बेहतर स्थिति में है। उन्होंने कहा कि खैरागढ़ विधानसभा भाजपा जीत रही है।

Categorized in: