स्वजनों ने जांच रिपोर्ट में सब कुछ ठीक बताने के बाद हुई मौत को लेकर उठाए सवाल


सहायक अधीक्षक व पुलिस की समझाइश के बाद महिला का कराया पोस्टमार्टम  

अंबिकापुर। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मातृ एवं शिशु अस्पताल में प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। इसके बाद स्वजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही सहि अन्य गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा मचाया। मौके पर पुलिस व अस्पताल के सहायक अधीक्षक पहुंचे और एमसीएच में पहुंच कर स्वजनों को समझाइश दी। मामले की जांच के आश्वासन पर स्वजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
जानकारी के मुताबिक सुबूक तारा पति इसराफिल अंसारी 40 वर्ष प्रतापपुर थाना क्षेत्र के कॉलेज पारा की रहने वाली थी। मंगलवार को प्रसव पीड़ा होने पर उसे प्रसव के लिए स्वजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर पहुंचे और चिकित्सक को दिखाए। ड्यूटी में तैनात चिकित्सक ने जांच रिपोर्ट देखने के बाद स्वजनों को महिला को भर्ती करने कहा। स्वजनों का कहना है कि तत्समय जांच में सभी सही बताते हुए बच्चे के उल्टा होने की जानकारी दी गई थी। महिला का सामान्य प्रसव कराने इंतजार किया जा रहा था। आधी रात करीब 12 बजे प्रसव पीड़ा बढऩे पर उसे ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया। स्टाफ नर्स ने स्वजनों से कहा कि कुछ देर तक सामान्य प्रसव का इंतजार करेंगे, अगर प्रसव नहीं होता है तो ऑपरेशन करना पड़ेगा। आधे घंटे नहीं हुए थे स्वजनों को बताया गया कि सामान्य प्रसव की स्थिति नहीं बन रही है, ऑपरेशन करना पड़ेगा। कुछ देर बाद ऑपरेशन कक्ष से बाहर निकल कर स्टॉफ ने बताया कि शिशु मृत पैदा हुआ है और मां की स्थिति खराब है, उसे खून चढ़ाना पड़ेगा। इसकी जानकारी वह अपने भाई महफिल अंसारी को फोन पर दिया। भाई अन्य स्वजनों के साथ अस्पताल पहुंचा और तीन लोगों ने खून दिया। एक यूनिट खून चढ़ा ही था कि बुधवार की सुबह नौ बजे महिला की मौत हो गई। जच्चा-बच्चा दोनों की मौत की खबर मिलना स्वजनों को रास नहीं आया और उन्होंने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर मौके पर पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास की।  
स्वजनों ने कहा-जान बूझकर ले ली जान
मृतका के पति इसराफिल का आरोप लगाया है कि रात में उसकी पत्नी को ऑपरेशन कक्ष में ले जाने से पूर्व चेहरा बांधे एक व्यक्ति ने दस हजार रुपये की मांग की थी और कहा था कि रुपये दोगे तो सब कुछ अच्छे से होगा। आरोप है रुपये नहीं देने पर मिलकर जच्चा- बच्चा को मार दिया।
मृतिका की पहले से हैं दो बेटियां
स्वजनों ने बताया कि मृतिका का यह तीसरा बच्चा था, उसने पहले दो बटियों को सामान्य प्रसव से ही जन्म दिया है। तीसरी बार गर्भवती होने पर उन्होंने सोनोग्राफी व अन्य जांच कराया, जिसका रिपोर्ट चिकित्सक ने सही बताया था। मृत बालक के जन्म के बाद महिला की खून चढ़ाते मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर स्वजन काफी क्षुब्ध नजर आए।

Categorized in: