अंबिकापुर। सीएम भूपेश बघेल ने 4 मई को विधानसभावार दौरे की शुरुआत बलरामपुर जिले से की थी। दौरे के चौथे दिन वे सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत प्रतापपुर पहुंचे। यहां उन्होंने जिले के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। इसमें उन्होंने कई जरूरी निर्देश दिए। इसके बाद वे पत्रकारों से रूबरू हुए। नक्सलियों द्वारा पर्चा फेंक कर सरकार से बातचीत करने के उल्लेख के सवाल पर सीएम ने दो टूक कहा कि पहले वे संविधान पर विश्वास जताएं, फिर उनसे बातचीत होगी। इस दौरान उन्होंने अवैध उत्खनन पर भी कड़ाई से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विधानसभा दौरे पर प्रतापपुर पहुंचे सीएम ने वहां के शिवमंदिर में पहुंच पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की। प्रतापपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में उनसे यह सवाल किया गया कि नक्सलियों ने सरकार से बातचीत करने कुछ शर्तें रखी हैं। इसका जवाब देते हुए सीएम ने कहा कि नक्सलियों ने पर्चा फेंक कर सरकार से बातचीत का उल्लेख किया है, लेकिन उन्हें पहले संविधान पर विश्वास करना होगा, इसके बाद ही बातचीत होगी। सीएम ने कहा कि हमारी योजनाओं ने आदिवासियों का दिल जीता है, इससे नक्सली अब सिमट कर रह गए हैं। अब कैंप बफर एरिया की जगह कोर एरिया में खुल रहे हैं। अब नक्सल प्रभावित क्षेत्र के लोग मांग कर रहे हैं कि सुरक्षा कैंप खुलना चाहिए।

Categorized in: