अंबिकापुर। मां महामाया मंदिर में राजपरिवार के द्वारा संधि पूजा आज शुक्रवार, 11 अक्टूबर को प्रात: 6.52 बजे की जाएगी। सरगुजा राजपरिवार के राजपुरोहित द्विपेश पांडेय ने संधि पूजा सहित विजयदशमी पूजा एवं शस्त्र पूजा के सभी मुहूर्त की जानकारी दी है।
शारदीय नवरात्रि के अष्टमी एवं नवमी तिथि की संधि पर मां महामाया मंदिर में राजपरिवार की ओर से महाराज टीएस सिंहदेव के द्वारा संधि पूजा किया जाएगा। पूजा में कुमार आदित्येश्वर शरण सिंहदेव भी शामिल होंगे। संधि पूजा मां महामाया मंदिर में प्रात: 6.52 बजे प्रारंभ होगी। 12 अक्टूबर दशहरा के दिन दोपहर 12 बजे के उपरांत विजयदशमी पूजा एवं शस्त्र पूजा होगी। दोपहर 3.30 बजे के उपरांत महाराज टीएस सिंहदेव सरगुजा पैलेस में जिलेवासियों से मुलाकात हेतु मौजूद रहेंगे।
