हास्य कवि सम्मेलन की महफिल से गुदगुदाएंगे देश के मशहूर कवि…

0 तीन दिनों तक बिखरेगी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमो की छटा…

चंचलेश श्रीवास्तव

सूरजपुर। जिले के आस्था की प्रतीक माँ बागेश्वरी धाम कुदरगढ़ में बुधवार से तीन दिनों तक कुदरगढ़ महोत्सव का आयोजन किया गया है। यहां परंपरा के अनुसार चैत नवरात्र पर लगने वाले भव्य मेला के साथ इस बार कुदरगढ़ महोत्सव का भी आयोजन होगा। पहली बार आयोजित हो रहे महोत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ देश के ख्याति प्राप्त कवियों के द्वारा हास्य कवि सम्मेलन की प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं स्थानीय व बाहर से आये कलाकारों द्वारा गीत संगीत व धर्मिक भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओ के मनोरंजन की व्यवस्था की गई है। आयोजन के लिए जिला प्रशासन के द्वारा व्यापक तैयारी की गई है। मंगलवार को कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने पत्रकार वार्ता के दौरान आयोजन के संबंध में अवगत कराते हुए महोत्सव की तैयारियों के संबंध में विस्तार से बताया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिपं सीईओ राहुल देव, जिला कार्यक्रम अधिकारी चंद्रवेश सिंह सिसौदिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रसिद्ध कुदरगढ़ धाम में 3 दिन का महोत्सव आज बुधवार से प्रारंभ होगा। जिस का समापन 8 अप्रैल को आकर्षक व मनमोहक कार्यक्रमो की प्रस्तुति के साथ किया जाएगा। कुदरगढ़ महोत्सव में स्थानीय लोक संस्कृति के साथ प्रसिद्ध कलाकारों के द्वारा प्रस्तुत लोक संस्कृति की झलक भी देखने का मौका मिलेगा। जिले में पहली बार हो रहे महोत्सव को लेकर स्थानीय लोगों भी खासा उत्साह है। खासकर 7 तारीख को होने वाले कवि सम्मेलन को लेकर लोग उत्साहित हैं। कवि सम्मेलन में स्थानीय कवियों के साथ-साथ देश भर के कई ख्याति प्राप्त कवि शिरकत करेगे। महोत्सव को लेकर कलेक्टर डॉ सिंह ने बताया कि इस नवरात्र में महोत्सव का शुभारंभ किया जा रहा है जो कि 3 दिनों तक चलेगा आयोजन शाम 6 बजे से शुरू किया जाएगा इसको लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारी की गई है। आयोजन में लोगो को किसी प्रकार की दिक्कत ना हो इसके लिए जिला से लेकर स्थानीय स्तर के कर्मचारी भी लगे हुए है।

0 ख्याति प्राप्त कलाकार देंगे मनमोहक प्रस्तुति….

आज मानस गायन प्रतियोगिता के साथ कुदरगढ़ महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। इसके पश्चात म्यूजिकल ग्रुप द्वारा सुगम संगीत एवं छत्तीसगढ़ी लोक गायक पद्मश्री अनुज शर्मा द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी। 7 अप्रैल को कला केन्द्र सूरजपुर की प्रस्तुति, पारंपरिक रैम्प वाक व कवि समेलन का आयोजन होगा। जिसमें देश के ख्याति प्राप्त कवि पद्मश्री सुनील जोगी दिल्ली, दिनेश रघुवंशी फरीदाबाद, दिनेश दिग्गज उज्जैन, अंकिता सिंह गुरुग्राम, अमन अक्षर इंदौर, गजेंद्र प्रियांशु बाराबंकी, बलजीत कौर तन्हा दिल्ली, पद्मलोचन मुंहफट राजनांदगांव, श्याम कश्यप बेचौन अम्बिकापुर शामिल होंगे। इसी प्रकार 8 अप्रैल को शिव तांडव एवं लेजर लाइट शो, छत्तीसगढ़ी लोक गायक स्तुति जायसवाल एवं संजय सुरीला द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अतिरिक्त विविध प्रकार के खेल प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा।

0 कलेक्टर, एसपी ने लिया कुदरगढ़ महोत्सव की तैयारियों का जायजा…

मंगलवार को कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल एवं जिला पंचायत सीईओ राहुल देव कुदरगढ़ पहुंचकर महोत्सव हेतु किये जा रहे तैयारियों का जायजा लिया। जहां उन्होंने कार्यक्रम स्थल में बैठक व्यवस्था के लिए जनप्रतिनिधि, मीडिया, अधिकारी, कर्मचारी एवं आम जनता के लिए बैठक व्यवस्था के लिए पर्याप्त कुर्सियां उपलब्ध कर व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए है।कलेक्टर डॉ. सिंह ने पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, बिजली व्यवस्था, पानी व्यवस्था, शौचालय व्यवस्था का अवलोकन कर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं उन्होंने गर्मी मौसम को देखते हुए सभी स्थलों पर पानी की प्याऊ व्यवस्था सुनिश्चित करने सहित अन्य आवश्य व्यवस्थाओ को तत्काल दुरुस्त करने को कहा है ताकि यहां आने वाले लोगो को किसी प्रकार की असुविधा का सामना ना करना पड़े। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर शिव बनर्जी, एसडीएम प्रकाश सिंह राजपूत, एसडीओपी श्रीमती गीता वाधवानी, ट्रस्ट अध्यक्ष भुवन भास्कर सिंह, ट्रस्ट के सदस्य, प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

Categorized in: