घर लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा, फरार ट्रक व चालक के तलाश में जुटी पुलिस 

अंबिकापुर। अंबिकापुर-रायगढ़ मुख्य मार्ग, नेशनल हाईवे-43 में शांतिपारा के पास शुक्रवार की रात तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार भाजपा नेता को टक्कर मार दी। ट्रक के नीचे फंसने के बाद भी ट्रक की रफ्तार पर विराम नहीं लगा और करीब 20 मीटर तक बाइक सवार को घसीटते ले गया। गंभीर अवस्था में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम पोकसरी निवासी भाजपा बूथ अध्यक्ष शिवमंगल दास 50 वर्ष, शुक्रवार को दोपहर बाद किसी काम से बतौली आए थे। रात करीब 9.30 बजे बाइक से वापस घर लौट रहे थे। नेशनल हाईवे में शांतिपारा के पास अज्ञात ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। वे सड़क पर बाइक सहित गिर गए, और ट्रक चालक उन्हें करीब 20 मीटर तक उसे घसीटते ले गया। हादसे में शिवमंगल दास गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर डॉयल 112 की टीम ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। गंभीर अंदरूनी चोटों की वजह से इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के तत्काल बाद ट्रक का चालक गाड़ी लेकर भाग निकला। घटना के वक्त प्रत्यक्षदर्शी ट्रक का नंबर नोट नहीं कर सके। बतौली पुलिस ने मामले में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक के पहचान की कोशिश की जा रही है। शनिवार को मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया गया है। घटना से इलाके में शोक का माहौल है।

Categorized in: