अंबिकापुर। महापौर परिषद के सदस्यों ने शनिवार को प्रतीक्षा बस स्टैंड का निरीक्षण करके पेयजल, सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं की सामने आ रही शिकायतों का अवलोकन किया, और महापौर के निर्देश पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को दो दिवस के भीतर सामने आ रही दिक्कतों का निराकरण करने के निर्देश दिया।

नगर पालिक निगम की महापौर मंजूषा भगत के निर्देश पर जल प्रदाय विभाग के प्रभारी जितेन्द्र सोनी व सफाई विभाग की प्रभारी ममता तिवारी के द्वारा किए गए निरीक्षण में सामने आया कि नगर पालिक निगम अंतर्गत कुल 8 वॉटर एटीएम हैं, जिसमें शासन के द्वारा चयनित एजेंसी को वॉटर एटीएम का 5 वर्ष तक संचालन एवं संधारण करना था। फर्म के द्वारा अपरिहार्य कारणों से संधारण, मरम्मत का कार्य नहीं किया जा रहा था, जिस कारण ये उपकरण बंद पड़े थे। निरीक्षण के बाद प्रतीक्षा बस स्टैंड में स्थित वॉटर एटीएम व वॉटर कूलर का सुधार कार्य हो गया है, इससे लोगों को शुद्ध पेयजल नियमित मिले, इसके निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अंबिकापुर क्षेत्र अंतर्गत स्थापित गांधीनगर सब्जी बाजार, गुदरी बाजार के वॉटर एटीएम को मरम्मत करके चालू कराया गया, और पीने का पानी नियमित सुलभ हो, इसके निर्देश दिए गए हैं। प्रथम चरण में तीन वॉटर एटीएम के लिए निकाय मद से स्वीकृति प्रदान की गई है। द्वितीय चरण में कंपनी बाजार, सरगंवा उद्यान (वाटर पार्क), शासकीय जिला अस्पताल, मैरीन ड्राइव, स्टेडियम ग्राउंड के सामने स्थापित वॉटर एटीएम का सुधार व मरम्मत कार्य कराया जाएगा। विगत वर्ष भी जल प्रभारी द्वारा इन वॉटर एटीएम का सुधार कार्य कराया गया था। बस स्टैंड में नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों को सफाई, यूरिनल व सार्वजनिक शौचालय में बिजली व्यवस्था, सिविल सुधार वर्क एवं दुकान संचालकों को व्यवस्थित कराने दो दिन का समय दिया गया है। निरीक्षण के दौरान आकाश गुप्ता, अनिल तिवारी, शैलेंद्र शर्मा, जल एवं विद्युत अधिकारी प्रशांत खुल्लर, सफाई विभाग से शक्ति पाण्डेय, स्वर्ण मेहता, राजस्व अधिकारी विजय कुजूर, शिवेंद्र बहादुर सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Categorized in: