सड़क डामरीकरण, मरम्मत का काम शुरू होने का कांग्रेस ने किया स्वागत

अंबिकापुर। नगर निगम सीमा में नेशनल हाईवे की सड़क पर डामरीकरण का कार्य कांग्रेस के प्रदर्शन और महापौर के द्वारा रौद्र रूप से सामने आने की चेतावनी देने के बाद शुरू हो गया था। शहर के अंदर से गुजरी इन सड़कों की मरम्मत का कार्य नहीं होने से भड़की महापौर ने कहा था कि अधिकारी मंत्री-सांसद की भी नहीं सुनते। उन्होंने कहा था कि तय समय में सड़क निर्माण का काम एनएच शुरू नहीं किया, तो अब मैं उग्र रूप दिखाऊंगी। इधर कांग्रेस ने भी सड़कों की दुर्दशा सहित अन्य मसले को लेकर शुक्रवार को शहर के चौराहे में चक्काजाम किया था। कांग्रेस ने सड़क मरम्मत का कार्य शुरू होने का स्वागत किया है।
बता दें कि, अंबिकापुर शहर से गुजरी नेशनल हाईवे की सड़कों की दुर्गति कुछ ऐसी है कि गड्ढों से बचने के चक्कर में कब कौन दुर्घटनाग्रस्त हो जाएगा, कहना मुश्किल है। इनमें से महामाया चौक से सोनपुर तक सड़क मरम्मत कार्य की स्वीकृति दी गई थी, लेकिन ठेकेदार काम करने के लिए तैयार नहीं थे। गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे थे। इधर नगर निगम की भी किरकिरी हो रही थी। महामाया चौक से स्कूल रोड होते हुए रामनुजगंज रोड तक सड़क मरम्मत एवं डामरीकरण का कार्य शुरू होने से अब राहत मिलने की उम्मीद है। एनएच में जहां सड़कें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं, वहां डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है।
नेशनल हाईवे के अधिकारियों का कहना है कि, ठेकेदार ने पहले सोनपुर से रामानुजगंज नाका तक डामरीकरण एवं पेंच रिपेयरिंग का कार्य पूरा किया था। इसका 70 लाख रुपये का बिल लगाया गया था, जिसे भुगतान के लिए भेजा गया है, जो आज तक अप्राप्त है। ठेकेदार ने भुगतान नहीं होने के कारण रामानुजगंज नाका से महामाया चौक तक का काम रोक दिया था। महापौर के भड़कने और मंत्री राजेश अग्रवाल एवं सांसद चिंतामणि महाराज ने पहल करके अधिकारियों के साथ ही ठेकेदार से बात की। पहले का भुगतान एवं आगे के काम का भुगतान हो जाने का आश्वासन मिलने पर ठेकेदार ने काम शुरू कर दिया गया है।

हम जनता की परेशानी को लेकर सड़क पर उतरे थे

नगर पालिक निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने सड़क मरम्मत का काम शुरू होने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि शहर के अंदर सड़कों की दुर्दशा हो गई है। उन्होंने कहा है कि, हम जनता की परेशानी को लेकर सड़क पर उतरे थे। शहर की सड़कों के साथ सफाई एवं बिजली व्यवस्था को दुरूस्त करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि, ट्रिपल इंजन की सरकार होने के बावजूद लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।

Categorized in: