बलरामपुर रामानुजगंज(विकाश कुमार केशरी)- छत्तीसगढ़ में पौधरोपण को मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान से जोड़ते हुए 6 जुलाई को बलरामपुर वन विभाग द्वारा ‘मुनगा’ पौधरोपण के विशेष अभियान की शानदार शुरूआत हो गयी है। इसके अंतर्गत जिले के सभी शासकीय स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों और छात्रावास-आश्रमों में प्रोटीन, विटामिन और आयरन के प्रचुर स्रोत मुनगा के पौधे लगाए गए। इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिले भर में शासन-प्रशासन के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों नेे सहयोग किया।

बलरामपुर जिले के सभी शासकीय स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों और छात्रावास-आश्रमों में ’’मुनगा का पोषण दूर करेगा कुपोषण, कुपोषण के खिलाफ वार, मुनगा बनेगा हथियार’’ जैसे नारों के साथ मुनगा के पौधे का रोपण किया गया। इसकी शुरुआत सरगुजा वन वृत के सीसीएफ ए बी मिंज के साथ बलरामपुर वन मंडल के डीएफओ लक्ष्मण सिंह ने कुसमी परिक्षेत्र से की, यहां भव्य आयोजन के साथ सीसीएफ और डीएफओ ने पौधरोपण भी किया। इसके अलावा विधायक चिंतामणि महाराज ने भी पौधा लगाया, उन्होंने कहा कि मुनगा का पौधा एक ऐसा पौधा है जिसका पत्ता फूल फल सबकुछ सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है, उन्होंने बलरामपुर वन मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रम को सराहा। इस अवसर पर डीएफओ लक्ष्मण सिंह ने कहा कि पौधे लगाने के बाद हम सब की ये जिम्मेदारी बनती है कि हम इन्हें ज्यादा से ज्यादा संख्या में बचाएं, इसके लिए हर किसी को आगे आने की जरूरत है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री बघेल के निर्देश पर कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को साकार करने के लिए शुरू किया गया यह अभियान सुपोषण की राह में अहम भूमिका निभाएगा।

Categorized in: