मनेंद्रगढ़ (शुद्धूलाल वर्मा) ! नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 16 बदन सिंह मोहल्ला में स्थित बदन सिंह तालाब का अस्तित्व इन दिनों खतरे में पड़ता दिखाई दे रहा है तालाब के किनारे मिट्टी डालकर मकान बनाए जा रहे हैं ! सूचना पर सोमवार को एसडीएम मनेंद्रगढ़ ने मौके पर पहुंच कर स्थल का निरीक्षण किया तथा मौके में पंचनामा तैयार करवाकर निर्माण कार्य कर रहे लोगों को तालाब की और उसके पानी की यथास्थिति बनाए रखने तथा निर्माण कार्य बंद रखने की हिदायत दी है ! बदन सिंह तालाब के आसपास के कुछ रहवासियों ने जानकारी देते हुए बताया कि बदन सिंह तालाब 1970 से पहले का बना हुआ है जो बदन सिंह के नाम से है ! बदन सिंह वर्तमान में नहीं है वे स्वर्गवासी हो चुके हैं ! तालाब के पास बदन सिंह का मठ भी था जिसे भी उजाड़ कर अगल-बगल मकान बना लिए गए हैं ! बदन सिंह तालाब का उपयोग सार्वजनिक रूप से किया जाता है यहां तक कि अब उक्त तालाब में छठ पूजा का भी आयोजन किया जाता है ! तालाब में घाट वगैरह का निर्माण भी लाखों रुपए खर्च कर नगर पालिका के द्वारा कराया गया है ! स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त तालाब का पट्टा वर्ष 2014 में बनवा लिया गया है पट्टा कैसे बनवा लिया गया यह बात उनके समझ से परे है! अब तालाब की यह हालत हो गई है कि लोग अपने घरों का गंदा पानी की भी निकासी तालाब में कर रहे हैं जिसके कारण तालाब में गंदगी अटी पड़ी है ! स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली का गंदा पानी तालाब में आने से रोक कर तालाब की साफ सफाई करा कर तालाब के अस्तित्व को बचाए रखा जाना चाहिए !

पूर्व में नहीं था तालाब सड़क बन जाने से गड्ढा लिया तालाब का रूप

स्थानीय निवासी अजय प्रताप सिंह का कहना था कि जिस जगह में आज तालाब है वह पूर्व में तालाब कभी नहीं था जब नगर पालिका के द्वारा सड़क बनाई गई तो वहां पर गड्ढा था जो तालाब का रूप ले लिया है ! उक्त तालाब की भूमि उसकी है राजस्व रिकॉर्ड में भी कृषि भूमि के रूप में दर्ज है ! उक्त भूमि में 4 भाग किए गए हैं और अलग-अलग उसके भाइयों के नाम से वर्ष 2014 में पट्टा बना हुआ है ! उक्त तालाब की भूमि में अजय प्रताप सिंह, संजय प्रताप सिंह, राजेंद्र प्रताप सिंह एवं आर पी सिंह के नाम से पट्टा बना हुआ है जो उसके पास है! जो निर्माण वह करा रहा है अपने पट्टे की भूमि में करा रहा है और जो वर्तमान में तलाब है वह भी उसके पट्टे का ही है !

एसडीएम ने विवाद सुलझने तक यथास्थिति बनाए रखने का दिया निर्देश

बदन सिंह मोहल्ला में बदन सिंह तालाब के आसपास निर्माण कार्य कराए जाने तथा तालाब को भाठने की लगातार शिकायत मिलने पर सोमवार को एसडीएम मनेंद्रगढ़ नयनतारा सिंह तोमर मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया तथा राजस्व अमले से पंचनामा व जमीन की नपाई करा कर तालाब के किनारे मिट्टी डालकर निर्माण कार्य कर रहे लोगों को समझाइश दी कि जब तक विवाद सुलझ ना जाए उक्त विवादित भूमि गड्ढा था या तालाब जब तक इसका निराकरण ना हो जाए तब तक तालाब के पानी व तालाब की स्थिति को यथावत बनाये रखा जाए तथा किसी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं किया जाए! आदेश का उल्लंघन करने पर कार्यवाही की जा सकती है !

Categorized in: