चौराहे में मृत अवस्था में मिला था ग्रामीण, मृतक के पुत्र ने थाने में दी थी सूचना

अंबिकापुर। दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम कर्रा में मृत हाल में मिले एक व्यक्ति के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है और आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा है। पुरानी रंजिश को लेकर धारदार टांगी से वार कर ग्रामीण की हत्या की गई थी।
दरिमा थाना क्षेत्र के कर्रा पाटीपारा निवासी बालमुकुंद नगेसिया 19 वर्ष ने थाने में सूचना दी थी कि उसके पिता आठ जुलाई को शाम करीब 05.10 बजे बस्ती की तरफ घूमने गए थे, बाद में ग्राम कर्रा के एक चौक के पास मृत हाल में उनके पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस ने मृत कलीराम नगेसिया के शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएचसी दरिमा भेजा था। पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में मर्ग जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शी व गवाहों के बयान के आधार पर सामने आया कि शनिराम नगेसिया पिता स्व.पारसराम नगेसिया निवासी कर्रा पाटीपारा के द्वारा पूर्व रंजिश रखकर टांगी से मृतक के सिर में वार कर हत्या की गई है। आईजी अजय यादव व एसपी भावना गुप्ता ने दरिमा थाना प्रभारी निरीक्षक अंजू चेलक को आरोपित गांव से फरार न होने पाए, इसके लिए त्वरित उसके घर, संभावित ठिकानों पर दबिश देकर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए थे। इस पर एएसपी सरगुजा विवेक शुक्ला व सीएसपी अखिलेश कौशिक के निर्देशन में आरोपित के गिरफ्तारी की जिम्मेदारी तय करते हुए टीम का गठन किया गया। टीम में थाना प्रभारी अंजू चेलक व सहयोगी सउनि राकेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक दिलसाय कुजूर, विशाल गुप्ता, सुरजीत कोरी, के साथ आरक्षक संजय केरकेट्टा, राज जायसवाल, दिनेश मिंज, विवेक राय, अभय चौबे, अखिलेश यादव, सुमीत टोप्पो को शामिल किया गया था, जिन्होंने आरोपित शनिराम नगेसिया पिता स्व. पारसराम नगेसिया 30 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Categorized in: