आरोपित जेल से छूटकर पुन: चोरी की वारदात को दे रहे थे अंजाम


अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने जिले में विशेष अभियान चलाकर दो दिनों में दस चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता अर्जित की है। कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को एक युवक सहित विधि से संघर्षरत नाबालिग को चोरी की पांच मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस ने चार शातिर चोरों व एक किशोर को गिरफ्तार किया है। आरोपित जेल से छूटकर पुन: वारदात को अंजाम देने में लगे थे।
मोटरसाइकिलों की शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों से हो रही निरंतर चोरी को लेकर पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय यादव (भापुसे) व पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता (भापुसे) के मार्गदर्शन में जिले में अभियान चलाकर क्षेत्र के संदेहियों, पुराने शातिर चोरों के संबंध में मुखबिरों से वर्तमान स्थिति प्राप्त करने एवं जेल से छूटे चोरी के आरोपितों की जानकारी प्राप्त कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा विवेक शुक्ला, एसडीओपी सीतापुर चंद्रकांत गवर्ना, नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक डॉ.प्रशांत देवांगन, थाना प्रभारी अंबिकापुर भारद्वाज सिंह, थाना प्रभारी सीतापुर रुपेश नारंग, चौकी प्रभारी मणिपुर सरफराज फिरदौसी के नेतृत्व में टीम गठित कर मोटरसाइकिल चोरी के प्रकरणों में तत्काल कार्रवाई कर आरोपियों का पता तलाश एवं गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा था। शुक्रवार को कोतवाली पुलिस को अंबिकापुर क्षेत्र से स्कूटी, मोपेड सहित पांच दोपहिया वाहन जब्त करने में सफलता मिली थी। मामले में एक आरोपित मनोज गुप्ता निवासी ठनगनपारा अंबिकापुर एवं एक विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस ने पकड़ा था। चौकी मणिपुर की पुलिस ने चार नग मोटरसाइकिल एवं एक मोबाइल फोन सहित दो आरोपित विकास प्रजापति निवासी संजय पार्क अंबिकापुर एवं राम नारायण उर्फ टिंगु बहेलिया निवासी सोनपुरकला को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर दोपहिया वाहनों की जब्ती की। सीतापुर थाने की पुलिस ने एक मोटरसाइकिल एवं आरोपित अनिल कुजूर निवासी बागबहार जिला जशपुर को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। संपूर्ण कार्रवाई में उप निरीक्षक राम नरेश गुप्ता, सहायक उपनिरीक्षक नारायण सिंह, प्रधान आरक्षक विपिन तिवारी, रामबचन राम, सियाराम मरावी, सुमार साय, आरक्षक जयदीप सिंह, रूपेश महंत, कुंदन सिंह, शिव राजवाड़े, इम्तियाज अली, अतुल शर्मा, मुकेश चौधरी, सुरेश गुप्ता, मकरध्वज, चंचलेश सोनवानी, दिनेश यादव, निर्मल, मोहन राम, एहसान फिरदौसी, रामकुमार की भूमिका उल्लेखनीय रही।

Categorized in: