अंबिकापुर। घर के पास गाली-गलौज कर रहे युवक को एक व्यक्ति द्वारा समझाइश देना महंगा पड़ गया। युवक अपने भाई के साथ पहुंचा और उक्त व्यक्ति के घर में घुसकर पेट में चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। चाकू के हमले में उक्त युवक के पेट से अंतड़ी बाहर निकल गई। उसे गंभीर स्थिति में नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना 27 फरवरी की रात की है। आहत की पत्नी की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शहर के बौरीपारा का संजय चेरवा 40 वर्ष 27 फरवरी की रात को अपने घर के पास था। इस दौरान सुजीत गुप्ता नामक युवक संजय के घर के पास किसी व्यक्ति से विवाद करते हुए गाली-गलौज करने लगा। संजय चेरवा के घर में किराएदार भी रहते हैं इसलिए उसने सुजीत गुप्ता को वहां पर गाली-गलौज नहीं करने कहा। इससे नाराज होकर सुजीत अपने घर चला गया। कुछ देर बाद सुजीत अपने भाई अजीत के साथ संजय चेरवा के घर के पास आया और संजय के घर के पास खड़े वाहन को लाठी डंडे से मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद घर के गेट को मारकर दोनों भाइयों ने तोड़ दिया और अंदर घुसकर घर के आंगन में मौजूद संजय चेरवा के पेट में चाकू से प्राणघातक वार कर दिया। इस दौरान संजय चेरवा की पत्नी बीच-बचाव की। चाकू लगने से संजय के पेट की अंतड़ी बाहर निकल गई। उसे गंभीर स्थिति में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से आहत संजय की पत्नी सियासी चेरवा ने घटना की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई है। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपित बौरीपारा शिकारी रोड निवासी अजीत को गिरफ्तार कर लिया है, दूसरा आरोपित सुजीत फरार बताया जा रहा है।

Categorized in: