राजपुर। राजपुर वनपरिक्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों में दंतैल हाथी का आक्रामक रूख थमा नहीं है। पिछले तीन दिनों से दंतैल के आतंक से ग्रामीण सहमे हैं। राजपुर के ग्राम कोरगी, अमदरी और लाऊ में पांच ग्रामीणों के मकानों को क्षतिग्रस्त करने के बाद हाथी पुन: ग्राम पंचायत पहाडख़ड़ुवा और अलकनारा में चार ग्रामीणों के मकान को तोड़ डाला। दंतैल हाथी के लगातार जंगलों में घूमने से क्षेत्र के ग्रामीण भयभीत हैं।
वन परीक्षेत्राधिकारी अजय तिवारी के द्वारा लगातार प्रभावित क्षेत्रों में वन कर्मियों व अधिकारियों को निगरानी में लगाकर रखा है। जंगल से लगे गांव में बसे ग्रामीणों को खतरे से दूर रखने के लिए जंगलों में जाने से रोका जा रहा है। रात में ग्रामीणों को उनके घरों से निकालकर अन्यत्र पंचायत भवनों और स्कूल में रखने की व्यवस्था की जा रही है। हाथी ने सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात महेंद्र पिता चिमन, प्यारा तिर्की पिता बिरसा उरांव, विन्डो पिता नाथू उरांव सभी निवासी पहाडख़डुवा और प्रदीप पिता मंगल साय अगरिया निवासी अलकनारा के मकानों को क्षतिग्रस्त किया है। अभी भी हाथी राजपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम पंचायत ठरकी के जंगल में विचरण कर रहा है। वन अमला लगातार निगरानी के साथ ग्रामीणों को समझाइश देने में लगा है।

Categorized in: