दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में सीबीएसई का एकदिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

एनईपी 2020 पर गहन मंथन

मनेन्द्रगढ़ (एमसीबी) । एमसीबी जिले के मानक शैक्षणिक संस्थान दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मनेंद्रगढ़ में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा आयोजित एक उत्कृष्ट प्रशिक्षण कार्यक्रम ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) २०२० के विज्ञान को आलोकित किया। इस प्रशिक्षण ने शिक्षकों को नई नीति के मूल सिद्धांतों से परिचित कराया, जो भारतीय शिक्षा को समग्र, बहुमुखी एवं अनुभव-आधारित रूप प्रदान करने का संकल्प लेती है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ माता सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष कार्यक्रम प्रशिक्षक श्री प्रभास चंद्रा- प्राचार्य ‘नारायण ई टेक्नो विद्यालय’, प्रकाश कुमार गुप्ता- वरिष्ठ समन्वयक ‘अचीवर्स पब्लिक स्कूल’ तथा प्राचार्य ‘दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल’ डॉ बसंत कुमार तिवारी एवम् श्रीमती पूनम सिंह- निदेशिका ‘दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल,मनेंद्रगढ़ द्वारा दीप प्रज्वलन एवम् पुष्पार्पण के साथ किया गया।
विद्यालय की शिक्षिकाओं द्वारा ईश्वंदना सहित दिन के प्रकाशमय पथ पर संचालित होने की कामना की गई। इस एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कार्यक्रम में शिक्षकों ने एनईपी २०२० के प्रमुख आयामों जैसे ५+३+३+४ संरचना, मातृभाषा आधारित शिक्षा एवं निपुण भारत अभियान पर गहन चर्चा की। सीबीएसई के १४ नए क्षमता निर्माण कार्यक्रमों (सीबीपी) के अनुरूप, यह प्रशिक्षण शिक्षकों को प्राचीन शिक्षण पद्धति से आगे ले जाकर आलोचनात्मक चिंतन एवं कौशल-आधारित शिक्षण की कला सिखाता है। स्कूल के समस्त अध्यापकगण इस दिव्य अवसर से लाभान्वित हुए, जिससे विद्यालयीन वातावरण में नवीन ऊर्जा का संचार हुआ। इस एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मनेंद्रगढ़, सेंट जोसेफ कॉन्वेंट विद्यालय झगराखंड तथा सेंट पैट्रिक अकादमी मनेंद्रगढ़ सहित तीन विद्यालयों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस विशेष अवसर पर दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मनेंद्रगढ़ की निदेशिका श्रीमती पूनम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि एनईपी २०२०, शिक्षक को मात्र ज्ञानदाता न बनाकर राष्ट्र-निर्माता के रूप में स्थापित करती है, जिसमें निरंतर व्यावसायिक विकास एवं डिजिटल एकीकरण पर बल दिया गया है। मनेंद्रगढ़ जैसे क्षेत्रीय केंद्रों में यह प्रशिक्षण समावेशी शिक्षा को प्रोत्साहित करेगा, जहाँ अनेक छात्रों तक पहुँच सुनिश्चित हो रही है। प्राचार्य डॉक्टर तिवारी ने प्रशिक्षकों एवं सभी शिक्षकों को सफ़ल कार्यक्रम के आयोजन पर बधाई देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम सभी विद्यालयों की शैक्षिक यात्रा में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ता है,जो भविष्य की पीढ़ियों को ज्ञान के अमृत से सींचेगा। सामूहिक भोज एवम् राष्ट्रगान के साथ इस अविस्मरणीय कार्यक्रम का समापन किया गया।

Categorized in: