अंबिकापुर। इन दिनों मणिपुर पुलिस चौकी अपने कारनामों की वजह से सुर्खियों में है। मणिपुर पुलिस चौकी में पदस्थ पुलिस आरक्षक का एक और कारनामा सामने आया है। वर्दी का धौंस दिखाकर पुलिस कर्मी ने एक दुकान संचालक के साथ दुकान में घुसकर अभद्र व्यवहार किया, जिसकी शिकायत पीड़ित दुकान संचालक ने गांधीनगर थाने में दर्ज कराई है।
प्रिंस तिवारी का आरोप है कि गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शासकीय शराब दुकान गंगापुर स्थित अपने पट्टे की जमीन पर वह गुमटी का संचालन कर जीवन यापन करता है। वहीं शनिवार की देर शाम पीड़ित अपने कर्मचारियों के साथ दुकान पर था, तभी अचानक मणिपुर चौकी में पदस्थ आरक्षक प्रवीण सिंह और चौकी प्रभारी अनीता आयाम पहुंचे। अचानक आरक्षक प्रवीण सिंह वर्दी का रौब दिखाते हुए दुकान के अंदर घुसा और पीड़ित एवं उसके कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़ित का आरोप है कि आरक्षक दुकान खोलने के एवज में पैसे की मांग कर रहा था, जब उसने पैसा देने से मना कर दिया तो आरक्षक ने उसके साथ अभद्र व्यवहार कर गाली-गलौज व अमर्यादित बातें करने लगा। मामले में पीड़ित ने आरक्षक प्रवीण सिंह और मणिपुर चौकी प्रभारी अनीता आयाम के खिलाफ गांधीनगर थाने में शिकायत दी है। पीड़ित के द्वारा शिकायत दर्ज कराने के दौरान गांधीनगर थाने में मौजूद सीएसपी अखिलेश कौशिक ने पीड़ित को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच कर दोनों पुलिस कर्मियों के खिलाफ संविधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Categorized in: