पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर जेल भेजा
अंबिकापुर। सूरजपुर जिले के ग्राम धरमपुर में मंगलवार की सुबह पूजा करते समय पत्नी से झगड़ा-विवाद होने पर पत्नी ने पति को एक झापड़ मार दिया, जिससे अपमानित होने व आवेश में आकर पति ने फावड़ा से पत्नी के गर्दन में वार कर हत्या कर दी। रात होने पर घर के खेत की बाड़ी में शव को जला दिया। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त फावड़ा जप्त कर उसे न्यायिक रिमांड में भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक सरपंच के द्वारा मोबाइल फोन से पुलिस को सूचना दी गई थी कि गांव का ज्ञान प्रकाश मराबी अपने नाना-नानी के घर से अपने घर गया तो उसकी मां वहां नहीं मिली। पिता बाबूलाल मरावी से पूछने पर बताया कि 3-4 दिन पहले उसकी मां सावित्री उर्फ सुमित्रा को फावड़ा से वार कर हत्या के बाद शव को घर के सामने बाड़ी में जला दिया है। मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने चौकी प्रभारी को एफएसएल की टीम के साथ घटनास्थल पहुंचकर साक्ष्य संकलित करने व आरोपित को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया।आईपीएस संदीप कुमार पटेल व एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह घटनास्थल पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के मार्गदर्शन में घटनास्थल पर चौकी खड़गवां की पुलिस व एफएसएल की टीम पहुंची। मौके से साक्ष्य संकलन एवं गवाहों का बयान लेते हुए मर्ग कायमी पश्चात् प्रकरण में आरोपित बाबूलाल मरावी के विरूद्व अपराध क्रमांक 45/22 धारा 302, 201 भादवि पंजीबद्व किया गया। प्रकरण के आरोपित को उसके गांव से हिरासत में लिया गया, पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार किया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रतापपुर किशोर केंवट, चौकी प्रभारी खड़गवां सीपी तिवारी, एफएसएल अधिकारी कुलदीप कुजूर, प्रधान आरक्षक शरद सिंह, इन्द्रजीत सिंह, भुवनेश्वर केरकेट्टा, आरक्षक प्रमोद गुप्ता, राकेश सिरदार, चंदेश्वर राजवाड़े, श्याम सिंह, भगत सिंह नेताम, अनिल नायर, चंदर साय राजवाड़े व बंधूराम सारथी सक्रिय रहे।

Categorized in: