डरे नहीं, पात्र हितग्राही अपने नजदीकी टीकाकरण केंद्र में अवश्य लगवाएं टीका

मनेंद्रगढ़ (शुद्धूलाल वर्मा) ! कोविड-19 टीकाकरण अभियान के तहत जिला प्रशासन के सतत प्रयास व निगरानी तथा आमजन की जागरूकता से कोरिया जिले में शुक्रवार को 6 हज़ार से भी अधिक लोगों ने स्वस्फूर्त होकर कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु टीकाकरण करवाया। कलेक्टर एसएन राठौर एवं सीईओ जिला पंचायत कुणाल दुदावत ने वैक्सीन लगवाने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए दूसरा डोज़ भी लगवाने की अपील की है। इसके साथ ही उन्होंने वैक्सीन लगवा चुके लोगों से अपने आसपास के अन्य लोगों को भी वैक्सीन लगवाने हेतु प्रेरित करने की अपील की है। बता दें कि कोरिया जिले में शुक्रवार 2 अप्रैल की स्थिति में 6074 लोगों ने टीका लगवाया है। इसमें विकासखण्ड बैकुंठपुर में 1846, विकासखण्ड मनेंद्रगढ़ में 813, विकासखण्ड खड़गवां में 889, विकासखण्ड सोनहत में 972, तथा विकासखण्ड भरतपुर में 1269 हितग्राहियों ने कोविड-19 वैक्सीन लगवाया है। इसी तरह नगरनिगम क्षेत्र चिरमिरी में शुक्रवार को 285 हितग्राहियों ने टीकाकरण करवाया है। इनमें हेल्थ केअर व फ्रंटलाइन वर्कर सहित 45 से 59 आयु वर्ग में 4767 लोगों ने तथा 60 वर्ष आयु वर्ग में 1281 लोगों ने टीका लगवाया है। जिले के पात्र हितग्राहियों को मोबिलाइज कर टीकाकरण सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न विभागों की ड्यूटी लगाई गई है, जिससे शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।

जिला प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन ने सभी लोगों से अपील की है कि कोरोना से बचाव के सुरक्षा नियमों का अवश्य पालन करें। साथ ही जिले के सभी पात्र हितग्राही बिना डरे, बिना किसी हिचकिचाहट के अपने नजदीकी टीकाकरण केंद्र में जाकर टीका लगवाए।

Categorized in: