अंबिकापुर। सरगुजा जिले में गौ मांस की तस्करी की शिकायत हिंदू महासंघ सरगुजा ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर की है। बताया गया है कि गत दिवस ग्राम कोलडीहा के एक मैदान में गाय की हत्या के बाद खाल निकालकर अज्ञात लोग ले गए। गौ वंश के शरीर का अवशेष मैदान में ही छोड़ दिया। मृत गाय को स्थानीय किसी भी निवासी का नहीं होना ग्रामीण बता रहे हैं। हिंदू महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला पुलिस अधीक्षक से भेंट कर सरगुजा जिले में गोमांस की दलाली करने वाले गिरोह का पर्दाफास करने का आग्रह किया है, जो गाय के मांस की तस्करी में लगे।प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को बताया कुछ दिन पूर्व शहर से लगे ठाकुरपुर ग्राम में भी इसी प्रकार की घटना सामने आई थी, लेकिन पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मामले की तह तक जाने की जहमत नहीं उठाई, जिसके कारण गौ वध के अपराधी बेखौफ कुत्सित कार्य में लगे हैं। घटना से कोलडीहा के लोगों में आक्रोश है। हिंदू महासंघ ने कहा है कि गाय की हम सभी पूजा करते हैं, गाय हमारी माता है। इस प्रकार की घटना को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शीघ्र ही हिंदू महासंघ ऐसी घटनाओं के विरोध में आंदोलन करेगा। इस अवसर पर निलेश सिंह, विनोद हर्ष, जन्मेजय मिश्रा, मनोज कंसारी, वेदांत तिवारी, राजेश सिंह, छोटेलाल माथुर, अमित पटेल उपस्थित रहे।

Categorized in: