अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के कुसमी में निजी कंपनी में कार्यरत युवती पर हथौड़े से हमला करने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया है। आरोपित का कहना है कि शादी का प्रस्ताव ठुकराने के कारण वह गुस्से में योजनाबद्ध तरीके से युवती के कार्यालय पहुंचा और रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया। आरोपित ने युवती पर हथौड़े से हमला करने की जानकारी पुलिस को दी है। आरोपित का कहना है कि युवती को मूर्छित देखने के बाद उसे मरा समझकर वह भाग निकला था।पुलिस ने बताया 10 अगस्त को नगर के शिव चौक के समीप स्थित बेलस्टार फाइनेंस कंपनी में कार्यरत कंजिया निवासी सरिता एक्का के ऊपर एक युवक ने हथौड़े से प्राणघातक हमला कर दिया था। युवती का उपचार रायपुर के अस्पताल में चल रहा है। मामले में पुलिस हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर आरोपित की खोजबीन में जुटी थी। इसी क्रम में एसडीओपी कुसमी रितेश चौधरी के मार्गदर्शन व थाना प्रभारी कुसमी रमेश मरकाम के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपित मनोज ऊर्फ इसहाक खाखा 33 वर्ष निवासी कडिया को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपित ने युवती के द्वारा शादी करने से इंकार करने पर घटना को अंजाम देने की बात कही है। घटना दिवस आरोपित हथौड़ा लेकर स्कूटी क्रमांक सीजी 15 डीएन 6165 से शिव चौक पहुंचा था। कुछ देर वह कार्यालय के आसपास के माहौल को देखा। जब उसे कंपनी के कार्यालय में किसी के नहीं होने का आभास हुआ तो चेहरे को गमछे से बांधकर अंदर गया और हथौड़े से युवती पर कई बार वार करने के बाद उसे मरा समझ कर भाग गया था। आरोपित की गिरफ्तारी में एएसआइ प्रकाश तिर्की, प्रधान आरक्षक दीपक बड़ा, रोशन लकड़ा, आरक्षक जमुना बड़ा व अनिल एक्का सक्रिय रहे।  

Categorized in: