अंबिकापुर। स्वजनों के साथ जमीन में बिस्तर बिछाकर सो रहे 18 वर्षीय युवक को करैत सांप ने कान में डस लिया। कुछ काटने का एहसास होने पर गुस्से से तमतमाए युवक ने इसकी जानकारी स्वजनों को तत्काल नहीं दी और जहरीले सांप का गर्दन टांगी से काटने के बाद उसे जमीन में गाड़ दिया। स्वजनों को जब इसका पता चला तो वे उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से स्वजनों में शोक का माहौल है।जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर निवासी मनोज कुमार रजक पिता स्व.शिवचरण रजक 18 वर्ष, 14 अगस्त की रात को कमरे में अपनी बुआ सहित अन्य लोगों के साथ जमीन पर अलग बिस्तर लगाकर सोया था। रात करीब 11.30 बजे उसे डंडा करैत सांप ने बाएं कान में डस लिया। कान में कुछ काटने का एहसास होने पर वह इधर-उधर देखा तो डंडा करैत सांप था। वह गुस्से में आकर पहले सांप को डंडे से मारा, फिर सांप का गर्दन टांगी से काटकर घर के बाहर ले जाकर गड्ढा खोद गाड़ दिया। सांप के शेष हिस्से को लाकर वह स्वजनों को दिखाया और बताया कि उसके बाएं कान में यह सांप डस लिया है। युवक की बात सुन स्वजन पहले उसे बिश्रामपुर के एसईसीएल अस्पताल ले गए, चिकत्सकों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया, यहां इलाज के दौरान 15 अगस्त की सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया है।

Categorized in: