अंबिकापुर। साइबर क्राइम के मकड़जाल में फंसाकर गांधीनगर थाना क्षेत्र के एक व्यवसायी से ऑनलाइन 17 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात ठग ने व्यवसायी को एक बेवसाइट का हवाला देकर ऑनलाइन आरक्षण करके हजारों रुपये की कमाई का झांसा दिया था। कुछ दिन उसे रुपये भी मिले, जिस कारण वह इनके जाल में फंस गया।

गांधीनगर थाना क्षेत्र के फुंदुरडिहारी निवासी आशीष सिंह के मोबाइल में बीते जून माह में अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया, जिसने उबर इट्स वेबसाइट के बारे में बताते हुए कहा कि वेबसाइट से जुड़कर वे ऑनलाइन आरक्षण के माध्यम से हर माह 45 से 50 हजार रुपये कमा सकते हैं। इसके झांसे में आने के बाद वह ऑनलाइन आरक्षण करने लगा। इसके एवज में कुछ माह तक उसे रुपये भी मिले, बाद में आवक बंद हो गया। परेशान व्यवसायी ने आरक्षण का काम बंद कर दिया। इसके बाद ठग पुन: व्यवसायी को झांसे में ले लिया और व्यवसायी ऑनलाइन आरक्षण शुरू कर दिया। 17 लाख रुपये गंवाने के बाद व्यवसायी को ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस को इसकी जानकारी दी। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात के विरूद्ध धारा 420, 66 डी का मामला कायम कर जांच में लिया है।

Categorized in: